ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं। दो सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने के बाद पंत की घर वापसी हो गई है। इस बड़े ट्रेड के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल का मजेदार रिएक्शन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। 

Advertisement

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो गई है। आईपीएल 2027 से पहले हुए इस बड़े ट्रेड के तहत पंत फिर से अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी से जुड़ गए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत को साल 2025 के ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था, वो अब वापस अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के साथ 15 करोड़ रुपये में जुड़ चुके हैं। दूसरी तरफ कुलदीप यादव 13.50 करोड़ में लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं।

Advertisement

ऋषभ पंत ने आईपीएल 2025 और आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन उनका यह सफर उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद भी पंत बल्ले से संघर्ष करते नजर आए और टीम का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पटेल ने बताया जैसे ही दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच ट्रेड पक्का हुआ, ऋषभ पंत ने सबसे पहले अक्षर पटेल को फोन किया। हालांकि उस समय अक्षर अपने बच्चे के साथ व्यस्त थे और वह पंत का फोन नहीं उठा पाए।

दिल्ली कैपिटल्स द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में अक्षर पटेल ने कहा, "वह पहला इंसान था जिसने मुझे फोन किया। इन दिनों मैं अपने बच्चे के साथ ज्यादा समय बिताता हूं, इसलिए फोन अक्सर दूर रखता हूं। मैंने उसका पहला कॉल मिस कर दिया। जब उसने दोबारा कॉल किया, तब भी मैं जवाब नहीं दे पाया। बाद में जब मेरा बच्चा सो गया तो मैंने उसे वापस कॉल किया और पूछा कि क्या हुआ, कोई जरूरी बात है क्या? तब उसने कहा, 'भाई, कन्फर्म हो गया है, मैं वापस आ रहा हूं।'"

अक्षर ने आगे हंसते हुए कहा, " मुझे अंदर से हमेशा लगता था कि वह लौटेगा। हालांकि मैंने उससे कभी यह नहीं कहा कि 'सुबह का भुला जब शाम को घर लौट आए तो उसे भुला नहीं कहते।' लेकिन मेरे मन में उसके लिए इतना प्यार है कि मैं उसे वापस दिल्ली ले आया।"

Advertisement

अब दिल्ली कैपिटल्स के फैंस को उम्मीद होगी कि ऋषभ पंत की घर वापसी टीम के लिए एक नई शुरुआत साबित होगी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार