Australia vs Bangladesh, 1st Test Day 2 Highlights: तंजीद हसन तमीम (Tanzid Hasan Tamim) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (Najmul Hossain Shanto) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन के अंत पर 6 विकेट के नुकसान पर 351 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही बांग्लादेश ने पहली पारी में मेजबान टीम में 153 रनों की अहम बढ़त हासिल कर ली है।
1 विकेट के नुकसान पर 96 रन से आगे बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम को दूसरे दिन पहला झटका मोमिनुल हक के रूप में लगा, जिन्होंने 95 गेंदों में 49 रन की पारी खेली। तमीम और मोमिनुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई।
इसके बाद तमीम ने शांतो के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने तीसरे विकेट के लए 157 गेंदों 93 रन जोड़े। तीसरा झटका तमीम के रूप में लगा जिन्होंने 197 गेंदों में 101 रन की पारी खेली, जिन्होंने 8 चौके औऱ 1 छक्का जड़ा। वह बांग्लादेश के पहले क्रिकेटर बने, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट शतक लगाया।
आखिरी सत्र के दौरान बांग्लादेश की पारी थोड़ी लड़खड़ाई और 11 रन के अंदर शांतो, मुशफिकुर रहीम और लिटन दास के रूप में तीन झटके लगे। लेकिन फिर मेहदी हसन मिराज और हसन महमूद की जोड़ी ने क्रीज पर जमकर पारी को संभाला।
कप्तान शांतो ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की लेकिन शतक नहीं जड़ सके। उन्होंने 126 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 7 चौके 1 छक्का शामिल है।
दिन के अंत पर मेहदी 32 रन औऱ हसन 13 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 147 गेंदों में नाबाद 43 रन की साझेदारी हुई है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट, नाथन लियोन और कप्तान पैट कमिंस ने 1-1 विकेट हासिल किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि पहले दिन के खेल के दौरान टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 198 रनों पर सिमट गई थी, जिसमें स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 71 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में कमाल करते हुए हसन महमूद ने रिकॉर्ड 6 विकेट चटकाए। उनके अलावा तस्कीन अहमद औऱ एबादत हुसैन के खाते में भी 2-2 विकेट आए।