The Hundred 2026, Southern Brave vs Welsh Fire: द हंड्रेड 2026 के मुकाबले में इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी बेन केलावे (Ben Kellaway) ने अपनी शानदार फील्डिंग का ऐसा नजारा पेश किया, जिसने ट्रिस्टन स्टब्स (Tristan Stubbs) समेत मैदान में मौजूद सभी खिलाड़ियों और दर्शकों को हैरान कर दिया।
द हंड्रेड 2026 के दूसरे मुकाबले में बुधवार (22 जुलाई) को साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में सदर्न ब्रेव और वेल्श फायर की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में इंग्लैंड के 22 वर्षीय अनकैप्ड ऑलराउंडर बेन केलावे ने अपनी जबरदस्त फील्डिंग से सभी को प्रभावित कर दिया।
यह शानदार कैच सदर्न ब्रेव की पारी की 66वीं गेंद पर देखने को मिला। ट्रिस्टन स्टब्स ने फुल लेंथ पर फेंकी गई इस गेंद पर लेग साइड में जोरदार शॉट खेला और ऐसा लगा कि गेंद बाउंड्री पार कर जाएगी। लेकिन वहां मौजूद बेन केलावे ने गेंद पर नजर बनाए रखी और सही समय पर छलांग लगाकर गिरते हुए भी गेंद पर अपनी पकड़ नहीं छोड़ी।
कैच पूरा करने के बाद केलावे पीछे की ओर गिर गए, लेकिन उन्होंने अपनी उंगलियां बाउंड्री रोप से कुछ इंच अंदर ही रखीं। अंपायर ने कैच को वैध करार दिया और ट्रिस्टन स्टब्स को सिर्फ 7 गेंदों में 4 रन पर बनाकर ही पवेलियन लौटना पड़ा।
अगर मैच की बात करें तो सदर्न ब्रेव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 137 रन बनाए। टीम के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 44 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, वहीं थॉमस रेव ने भी 30 गेंदों में अहम 41 रन बनाए।