न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में शानदार जीत दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और स्टार तेज गेंदबाज गस एटकिंसन मुश्किल में पड़ गए हैं। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ टीम प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

मामला सोमवार (9 जून) तड़के का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद स्टोक्स और एटकिंसन एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां किसी तरह की घटना हुई। इसके बाद अब ECB ने आधिकारिक बयान जारी कर मामले की जांच शुरू होने की पुष्टि कर दी है।

Advertisement

ECB ने अपने बयान में कहा कि पहले टेस्ट मैच के समाप्त होने के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच की जा रही है। बोर्ड के अनुसार बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार सुबह तड़के एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां यह घटना हुई। हालांकि बोर्ड ने अभी तक घटना की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

बोर्ड ने यह भी कहा कि वह मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और दूसरे टेस्ट के लिए टीम चयन पर फैसला बाद में लिया जाएगा। ECB ने क्रिकेट रेगुलेटर को भी इस मामले की जानकारी दे दी है। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि दोनों खिलाड़ी 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर भी हो सकते हैं।

गौरतलब है कि गस एटकिंसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की थी। दूसरी पारी में उनके पांच विकेटों की बदौलत इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम किया था। वहीं कप्तान बेन स्टोक्स ने भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

इंग्लैंड क्रिकेट में हाल के महीनों में खिलाड़ियों के मैदान के बाहर के व्यवहार को लेकर कई विवाद सामने आए हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद ECB ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आधी रात के बाद बाहर रहने पर सख्ती बढ़ा दी थी। इससे पहले हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल और बेन डकेट का नाम भी अनुशासन से जुड़े मामलों में सामने आया था। ऐसे में स्टोक्स और एटकिंसन का यह मामला ECB के लिए एक और सिरदर्द बन गया है।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

अब देखना दिलचस्प होगा कि जांच पूरी होने के बाद ECB क्या फैसला लेता है और क्या इंग्लैंड की टीम को दूसरे टेस्ट में अपने कप्तान और प्रमुख तेज गेंदबाज के बिना मैदान पर उतरना पड़ेगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार