आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रैक्टिस मैच में एक युवा खिलाड़ी ने सबका ध्यान खींच लिया। बिहार के सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से जमकर सुर्खियां बटोरीं। उनकी इस पारी ने टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों को प्रभावित किया है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं और इसी कड़ी में शुक्रवार (20 मार्च) को कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक इंट्रा-स्क्वॉड मैच खेला। इस मुकाबले में बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया।
पर्पल नाइट्स और गोल्डन नाइट्स के बीच खेले गए इस प्रैक्टिस मैच में सार्थक ने गोल्डन नाइट्स के लिए खेलते हुए 16 गेंदों में 37 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 231.25 का रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज को साफ दिखाता है। सार्थक रंजन ने खास तौर पर तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा के एक ओवर में जमकर हमला बोला। उन्होंने इस ओवर में 20 रन ठोक दिए, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने कुल 5 चौके और 2 छक्के लगाए।
गौरतबल है कि सार्थक को कोलकाता ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट और दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करके अपनी पहचान बनाई है। 2025 के दिल्ली प्रीमियर लीग में उन्होंने 9 पारियों में 449 रन बनाए थे और टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
मैच की बात करें तो गोल्डन नाइट्स की टीम ने 20 ओवर में 199 रन बनाए। इस दौरान सार्थक रंजन के अलावा टिम सिफर्ट ने 13 गेंदों में 30 रन, रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 40 रन और आर एम्ब्रीस ने 26 गेंदों में नाबाद 40 रन की अहम पारियां खेलीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब 28 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 से पहले सार्थक रंजन का यह प्रदर्शन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक अच्छी खबर है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें इस सीजन में कितने मौके मिलते हैं और वह इस फॉर्म को कैसे आगे बढ़ाते हैं।