छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 के फाइनल में एक बेहद दिलचस्प और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। बिलासपुर बुल्स के खिलाड़ियों ने मैच खत्म होने से पहले ही जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया और कुछ खिलाड़ियों ने तो स्टंप भी उखाड़ दिए। हालांकि कुछ ही सेकेंड बाद पता चला कि मुकाबला अभी खत्म नहीं हुआ है।
रविवार (14 जून) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 के फाइनल में एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सभी को चौंका दिया। बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में 161 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही बिलासपुर बुल्स को जीत के लिए सिर्फ 2 रन की जरूरत थी। पारी के 17वें ओवर में बल्लेबाज प्रतीक यादव ने एक बड़ा शॉट खेला। पहली नजर में ऐसा लगा कि गेंद सीधे बाउंड्री के पार जाकर मैच जिताने वाला छक्का बन जाएगी। यही वजह रही कि मैदान के बाहर बैठे खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ यह मान बैठे कि उनकी टीम चैंपियन बन गई है।
लेकिन तभी मुकाबले में एक बड़ा मोड़ आया। बाउंड्री लाइन के पास खड़े रायगढ़ लायंस के एक फील्डर ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए गेंद को बाउंड्री पार जाने से रोक दिया। उसकी बेहतरीन कोशिश की वजह से बल्लेबाजों को सिर्फ एक रन ही मिल सका और छक्का नहीं हुआ।
हालांकि तब तक बिलासपुर बुल्स के कई खिलाड़ी मैदान में दौड़ चुके थे। कुछ खिलाड़ियों ने खुशी में स्टंप भी उखाड़ दिए और जीत का जश्न मनाने लगे। जिसक चलते मैदान पर कुछ देर के लिए अजीब स्थिति बन गई। बाद में खिलाड़ियों को वापस डगआउट में भेजा गया और मुकाबला दोबारा शुरू कराया गया। इस दौरान विपक्षी टीम के खिलाड़ी और अंपायर भी इस घटनाक्रम से खासे नाराज नजर आए। वहीं स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी इस अनोखे नजारे को देखकर हैरान रह गए।
मैच के नतीजे की बात करें तो आखिरकार बिलासपुर बुल्स ने इसी ओवर में लक्ष्य हासिल करके मैच को सात विकेट से अपने नाम कर लिया और CCPL 2026 का खिताब जीत लिया।