वेलिंगटन टेस्ट की टीम में मोहम्मद सिराज को न लिए जाने पर गौतम गंभीर की सोशल मीडिया पर बड़ी आलोचना हुई और तरह-तरह के आरोप लगे उन पर। तभी भारत के इस पूर्व ओपनर का एक दरियादिली का अनोखा किस्सा सामने आया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के ASI अब्दुल रशीद के 2017 में एक आतंकी हमले में शहीद होने के बाद से, उनकी बेटी ज़ोहरा रशीद की पढ़ाई का खर्च वे उठा रहे हैं। तब तो गंभीर ने ये न देखा कि वे कौन हैं?

इसी तरह का एक और किस्सा तो कुछ ही दिन पहले का है वीरेंद्र सहवाग के घर से। अंडर-19 एशिया कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बने उनके बेटे आर्यवीर जब घर लौटे तो उन्हें पता चला कि उनके परिवार के साथ पिछले लगभग 20 साल से काम कर रहे मोहम्मद इशाक का इंतकाल हो गया है। वीरेंद्र सहवाग और आर्यवीर दोनों उनके घर गए। वहां आर्यवीर ने, इशाक के 18 साल के बेटे, मोहम्मद ताइफ से वायदा किया कि अपनी इनामी रकम से उनके लिए एक नया ऑटो रिक्शा खरीदेंगे। वीरेंद्र सहवाग ने परिवार से वादा किया कि उन्हें अगले 10 साल तक, इशाक की सैलरी पेंशन की तरह हर महीने देते रहेंगे ताकि इशाक की तीन बेटियों की परवरिश में मदद हो सके।

ऐसी बातें ये याद दिलाती हैं कि क्रिकेटरों के खास योगदान अक्सर, ग्राउंड के बाहर देखने को मिलते हैं। इसी से जुड़ा एक बड़ा ही खास किस्सा भारत के पूर्व ओपनर अरुण लाल का है जो बाहर बहुत कम लोग जानते हैं। अरुण लाल ने एक गरीब लड़के की न सिर्फ पढ़ाई का खर्च उठाया, उसकी बेहतर परवरिश के लिए उसे अपने परिवार का हिस्सा बना लिया।

ये लगभग चार दशक पहले की बात है। अरुण लाल परिवार के लिए कपड़े धोने और उन्हें प्रेस करने का काम करने वाले धोबी का परिवार भवानीपुर में सड़क किनारे एक झोपड़ी में रहता था। वहीं गरीबी में उनके बेटे बिकाश की परवरिश हुई।

तब भी पिता ने बिकाश की बेहतर परवरिश का सपना देखा और वह अपने परिवार का पहला ऐसा बच्चा था जो इंग्लिश मीडियम 'जूलियन डे स्कूल' में पढ़ने गया। वहां इंग्लिश पढ़ने में दिक्कत आने लगी तो उस धोबी ने मदद के लिए अरुण लाल के परिवार से अनुरोध किया और तब अरुण लाल की पत्नी, देबजानी ने उसे पढ़ाने की जिम्मेदारी ली।

इस तरह बिकाश का अरुण लाल के घर आना-जाना शुरू हो गया। ये तो बिकाश ने कई साल बाद बताया कि तब पढ़ने से ज्यादा, जो 'ऑरेंज स्क्वैश' देबजानी उसे पढ़ाई के साथ पीने के लिए दिया करती थीं, वह उसे उनके घर खींच ले जाती थी। शुरुआत अंग्रेजी ट्यूशन से हुई जो धीरे-धीरे जीवन भर के रिश्ते में बदल गई।

लाल परिवार, की अपनी कोई संतान नहीं है। वे भी बिकाश से जुड़ते गए। अरुण लाल ने उसकी पढ़ाई-लिखाई के खर्चे की जिम्मेदारी ली, जबकि देबजानी उसे पढ़ाई में गाइड करने लगीं। धीरे-धीरे बिकाश उस घर का हिस्सा बनने लगा- वहीं ज्यादातर समय बीतता, पढ़ाई भी वहीं और खाना-पीना भी। ये स्थिति थी कि कई बार अरुण लाल परिवार ने सोचा कि उसे कानूनी तौर पर गोद ले लें लेकिन ऐसा हो न सका। बहरहाल इससे उनके रिश्ते पर कोई फर्क नहीं पड़ा। वे उसे अपने बेटे की तरह मानते थे, और बिकाश के लिए भी अरुण और देबजानी, उसके दूसरे माता-पिता थे। अरुण उसे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करते रहते थे।

बिकाश के 10वीं में 92 प्रतिशत मार्क्स आए। स्कूल से वह कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज गया और कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया, M.Com भी किया। उसकी पढ़ाई का खर्च अरुण लाल देते रहे। उसे तब कहा कि CAT का एंट्रेंस दे। विश्वास कीजिए बिकाश ने क्वालीफाई किया और 2000 में IIM कलकत्ता पहुंच गया।

अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, विकास ने डॉयचे बैंक (Deutsche Bank) के साथ काम किया। पोस्टिंग लंदन में भी रही। इसके बाद उसने HDFC बैंक और क्रेडिट एग्रीकोल (Credit Agricole) में काम किया और तब जुड़े JSW स्टील के साथ एक सीनियर ट्रेजरी पद पर।

बिकाश, आगे बढ़ने के इस सफर में कभी उन्हें नहीं भूले जिन्होंने उसे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की थी। उसने कई बार कहा है कि उसके पास माता-पिता के दो जोड़े हैं: एक उसके अपने माता-पिता, और दूसरे अरुण और देबजानी लाल। एक दिन ऐसा भी आया जब बिकाश को पता चला कि लाल परिवार एक अपार्टमेंट से बंगले में जाना चाह रहा है पर पैसों की कमी के कारण ऐसा नहीं हो पा रहा तो उसने आर्थिक मदद भी की। उन्हें एक मर्सिडीज-बेंज कार भी गिफ्ट की।

बिकाश और उनकी पत्नी कामना ने एक और बड़ा प्यारा काम किया और अरुण लाल के नाम पर, अपनी बेटी का नाम 'अरुणिमा' रखा। उस इंसान को सम्मान दिया जिसने बिकाश की जिंदगी बदल दी थी।

अरुण लाल ने हमेशा बिकाश पर गर्व किया है और कभी इसे छिपाया नहीं। एक बार उन्होंने कहा था: "हमें एक बेटा मिल गया। वह एक बेहतरीन इंसान है, और मैं बिकाश के लिए ईश्वर का आभारी हूं।" विकास ने भी, उसे मिली उस दयालुता को आगे बढ़ाते हुए, दूसरों की मदद की है और वे बेघर कुत्तों को खाना खिलाना, नेत्रहीन लोगों की मदद करने और पेड़ लगाने में नियमित हिस्सा लेते हैं।

एक शहीद की बेटी की पढ़ाई के लिए गंभीर का सहयोग, अपने दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति सहवाग परिवार का साथ और बिकाश चौधरी के साथ अरुण लाल परिवार का असाधारण रिश्ता- ये सभी भले ही अलग-अलग स्टोरी हैं लेकिन इनमें एक अनोखी समानता भी है।

Also Read: LIVE Cricket Score

कभी-कभी, क्रिकेटर अपनी सबसे बेहतरीन पारी, ऐसी खेल जाते हैं जिसका क्रिकेट ग्राउंड से कोई लेना-देना नहीं होता। ये पारियां, कैमरों से दूर, बिना तालियों की गड़गड़ाहट के खेली जाती हैं, और अक्सर दुनिया को इनके बारे में पता भी नहीं चलता।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार