IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर (Blair Tickner) ने अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे टिकनर ने सिर्फ 23 गेंदों में 34 रन ठोक दिए।
अपनी इस पारी में टिकनर ने एक चौका और चार छक्के लगाए। खास बात यह रही कि इनमें से तीन छक्के उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के एक ही ओवर में जड़े। सबको हैरान कर देने वाली अपनी इस पारी के साथ टिकनर ने वनडे क्रिकेट में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और नसीम शाह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इन दोनों गेंदबाजों ने भी वनडे में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में चार-चार छक्के लगाए थे।
मोहम्मद आमिर वनडे क्रिकेट में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में चार छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसके बाद पाकिस्तान के नसीम शाह ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में चार छक्के जड़कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब ब्लेयर टिकनर भी इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
शेन बॉन्ड का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त
ब्लेयर टिकनर अब वनडे क्रिकेट में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कीवी बल्लेबाज भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड के नाम था। शेन बॉन्ड ने 11 जनवरी 2003 को ऑकलैंड में भारत के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के लगाए थे। टिकनर ने चार छक्के जड़कर उनका यह रिकॉर्ड तोड़ दिया।
टिकनर की इस पारी ने न्यूजीलैंड को मुश्किल स्थिति से निकालने में भी अहम भूमिका निभाई। एक समय टीम ने 146 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी के साथ 10वें विकेट के लिए 31 गेंदों में 39 रनों की अहम साझेदारी की। डफी 21 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि टिकनर की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 185 रन तक पहुंचने में सफल रही।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, बारिश के कारण भारतीय पारी प्रभावित हुई और टीम इंडिया को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत 32 ओवर में 143 रनों का लक्ष्य मिला था। विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 74 रन बनाए और उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 22.4 ओवर में पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।