रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने कहा है कि विराट कोहली को उन पर काफी भरोसा है और नेट्स में उनको मैच जैसी परिस्थिति में गेंदबाजी करने से उन्हें फायदा हुआ है। सैनी ने कहा है कि उनकी कोशिश अब अपनी खुद की पहचान बनाने की है।

Advertisement

सैनी ने पिछले साल आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया था। अपने पहले आईपीएल में इस युवा गेंदबाज ने 11 विकेट लिए थे। सैनी के प्रदर्शन से कोहली काफी ज्यादा प्रभावित हुए थे। चूंकि कोहली भारतीय टीम के कप्तान भी हैं तो इससे सैनी को राष्ट्रीय टीम में आने में भी मदद मिली।

Advertisement

सैनी ने दुबई आईएएनएस से कहा, "विराट भईया का मेरे करियर में बड़ा प्रभाव रहा है। मैंने बेंगलोर के साथ पहली बार विराट भईया की कप्तानी में आईपीएल खेला था। वह मेरी बात हर समय सुनते हैं। मैं मैदान पर जो भी करना चाहता हूं वो इसमें मेरा साथ देते हैं।"

हरियाणा के रहने वाले सैनी आसानी से 140 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार छू लेते हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरेहिल में टी-20 पदापर्ण किया था।

उन्होंने कहा, "वह हमेशा मेरी रणनीति पर काम करने और मेरा साथ देने को तैयार रहते हैं। वह मुझमें काफी विश्वास करते हैं। नेट्स के दौरान, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं क्योंकि वह एक स्टार बल्लेबाज हैं और उनको गेंदबाजी करने के बाद आप अपने आप को परख सकते हैं। यह और अच्छी बात है कि वह भारतीय टीम में मेरे कप्तान हैं। इसलिए हम दोनों की जुगलबंदी भारतीय टीम के लिए खेलते समय में भी जाहिर होती है। वह मुझे जानते हैं और समझते हैं। उनका मुझ पर काफी विश्वास है।"

सैनी ने बताया, "वह नेट्स में भी जुझारूपन बनाए रखते हैं। वह काफी आक्रामक हैं और पूरे जुनून के साथ बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए वो इस तरह से बल्लेबाजी करते हैं जैसे मैच में कर रहे हों। मुझ में भी वो अतिरिक्त ऊर्जा आती है और मैं अपनी योग्यता दिखाने का थोड़ा अधिक प्रयास करता हूं। इसलिए यह मैच जैसी स्थिति बन जाती है।"

Advertisement

भारतीय टेस्ट टीम का गेंदबाजी आक्रमण इस समय दुनिया के सबसे शानदार गेंदबाजी आक्रमणों में से एक है और सैनी ने कहा है कि वह हर सत्र के दौरान इसके लिए अपनी योग्यात में सुधार करने पर ध्यान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मैं टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए काफी मेहनत कर रहा हूं। मैंने टेस्ट पदार्पण के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की है, लेकिन मैं एक बेहतर तेज गेंदबाज बनने के लिए मेहनत कर रहा हूं। मैं हर अभ्यास सत्र में नई चीजें सीखना चाहता हूं।"

बीसीसीआई द्वारा बनाए गए कोविड-19 नियमों के मुताबिक, यूएई पहुंचने के बाद सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अनिवार्य छह दिन के क्वारंटीन से गुजरना पड़ा था। क्वारंटीन समय में पहले, तीसरे और छठे दिन आर-टी पीसीआर टेस्ट हुए थे।

Advertisement

सैनी ने कहा, "बायो बबल में खेलना काफी मुश्किल है। लेकिन आईपीएल में सबसे बड़ी चुनौती पूरे विश्व के महान खिलाड़ियों के सामने अच्छा प्रदर्शन करना है। यह काबिलियत दिखाने का अच्छा मंच है। मुझे भविष्य में अच्छा करने की उम्मीद है।"

उन्होंने कहा, "आप अपने कमरे में बंद रहते हो। आप मैदान पर नहीं जा सकते, लेकिन आपको इसमें समझदार बनकर रहना चाहिए। आपको माहौल का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाना चाहिए, कमरे में ही वर्कआउट करना चाहिए और अपने आप को व्यस्त रखना चाहिए।"

सलाइवा बैन पर सैनी ने कहा, "अगर आप गेंद को चमका नहीं पाते हो तो आपको थोड़ा नुकसान होगा। लेकिन अब जबकि हम सलाइवा का इस्तेमाल नहीं कर सकते तो हमें इसके साथ जल्द से जल्द सामंजस्य बैठाना होगा। यूएई में काफी उमस है। यहां मौसम काफी गर्म है। इसलिए जब आप टीम में आते हो तो, यह मायने नहीं रखता कि आप कुछ समय से नहीं खेले हो।"

Advertisement

बेंगलोर ने अभी तक आईपीएल खिताब नहीं जीता है। सैनी ने कहा कि वह टीम को मैच जिताने के लिए अपनी काबिलियत पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मैंने पहली बार आईपीएल बेंगलोर के साथ खेला और अच्छा किया। इसके बाद मैंने टी-20 और वनडे में पदार्पण किया। एक अच्छी बात यह है कि मैं तेजी से सीख रहा हूं ताकि मैं अपनी योग्यता में पैनापन ला सकूं और अपनी टीम के लिए मैच विजयी प्रदर्शन कर सकूं।"

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार