अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2024 में धमाल मचाने के बाद अपनी पहली इंटरनेशनल सीरीज को भी यादगार बना दिया है। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर के दूसरे ही मैच में शतक लगाकर ये बता दिया कि वो इस स्तर पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पहले टी-20 इंटरनेशनल में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक ने हरारे में ही खेले गए दूसरे मैच में सिर्फ 46 गेंदों पर शतक जड़ दिया। अभिषेक की इस पारी के दौरान उनके छक्के लगाने की कला ने एक बार फिर से फैंस को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अभिषेक जिस आसानी के साथ छक्के लगाते दिखे उसे देखकर ऐसा लगता है कि वो काफी लंबी रेस के घोड़े हैं। पंजाब और SRH का ये बल्लेबाज इस समय जिस अंदाज़ में बल्लेबाजी कर रहा है उसे देखकर ऐसा लगता है कि ये बल्लेबाज इस साल छक्कों का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगा। दरअसल, अभिषेक के पास एक कैलेंडर वर्ष में किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का मौका है।
2023 के बाद से, केवल चार शीर्ष क्रम (1-3) बल्लेबाजों - विल जैक्स, जोस बटलर, फिल साल्ट और रहमानुल्लाह गुरबाज ने सभी टी-20 में 100 से अधिक छक्के लगाए हैं। जबकि अभिषेक इस लिस्ट में छठे (93) स्थान पर हैं, जोकि सूर्यकुमार यादव (99) को छोड़कर सभी भारतीयों में सबसे अधिक हैं। वहीं, अभिषेक ने अब तक साल 2024 मेंं खेली गई 19 पारियों में 50 छक्के लगाए हैं, जिसमें 41 ओपनर के तौर पर और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नंबर 3 पर दो पारियों में 9 छक्के शामिल हैं।
दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने इस साल अब तक चौकों (44) की तुलना में अधिक छक्के (50) लगाए हैं, जिसमें उनके कुल रनों में अधिकतम रनों का योगदान 50 प्रतिशत (594 में से 300) से अधिक है। अभिषेक एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक टी-20 छक्कों के लिए भारतीय शीर्ष क्रम के रिकॉर्ड को तोड़ने से बस कुछ कदम दूर हैं। फिलहाल ये रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है, जिन्होंने 2023 के शानदार सत्र में 57 छक्के लगाए थे। जबकि सूर्यकुमार यादव के नाम पर, किसी भारतीय द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी20 छ्क्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। सूर्या ने साल 2022 में 85 छक्के लगाकर ये उपलब्धि हासिल की।
इतनी जल्दी छक्कों के अर्धशतक तक पहुंचने के बाद, अब बड़ा सवाल ये है कि क्या अभिषेक इसी साल 100 छक्कों के आंकड़े को छू पाएंगे। अब तक ये कारनामा सिर्फ क्रिस गेल और आंद्रे रसेल ही कर पाए हैं। गेल के नाम पर इस प्रारूप में सभी प्रमुख 'छक्कों' के रिकॉर्ड दर्ज हैं। 1000 से अधिक टी20 छक्के लगाने वाले गेल ने 2015 के सीजन में केवल 36 पारियों में 135 छक्के लगा दिए थे। उनके बाद आंद्रे रसेल एक कैलेंडर वर्ष में 100 छक्के लगाने वाले एकमात्र अन्य बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 2019 में ये उपलब्धि हासिल की थी।
ऐसे में अगर अभिषेक गेल के 135 छक्कों के आंकड़े को पार कर लेते हैं ते ये किसी चमत्कार से कम नहीं होगा लेकिन उससे पहले अभिषेक की निगाहें इसी साल 100 छक्के लगाने पर होंगी और अगर अभिषेक ये करने में सफल हो जाते हैं तो ये एक ऐसा रिकॉर्ड होगा जिसे तोड़ने के लिए किसी और भारतीय बल्लेबाज को एड़ी चोटी का ज़ोर लगाना होगा। भारत को इस साल 12 और टी-20 मैच खेलने हैं और अभिषेक के पंजाब के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 अभियान का हिस्सा होने की संभावना है, इसलिए बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के पास नए साल 2025 से पहले इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए कम से कम 19 मैच खेलने का मौका हो सकता है।