ऋतुराज गायकवाड़ (75) और फॉफ डुप्लेसिस (56) के अर्धशतकों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने बुधवार को यहां के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 14वें सीजन के 23वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया।

Advertisement

हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 171 रनों का स्कोर बनाया, जिसे चेन्नई ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Advertisement

चेन्नई की चेन्नई की छह मैचों में यह लगातार पांचवीं जीत है और अब वह 10 अंकों के साथ फिर से टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। हैदराबाद की छह मैचों में यह पांचवीं हार है और टीम दो अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे है।

हैदराबाद से मिले 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई को गायकवाड़ और फॉफ डुप्लेसिस ने पहले विकेट के लिए 79 गेंदों पर 129 रनों की साझेदारी करके ठोस शुरुआत दी। टीम ने इसके बाद 148 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए।

इनमें गायकवाड़ और डुप्लेसिस के मोईन अली (15) के विकेट शामिल हैं। गायकवाड़ ने 44 गेंदों पर 12 चौके जबकि डुप्लेसिस ने 38 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद सुरेश रैना (नाबाद 17) और रवींद्र जडेजा (नाबाद 7) ने चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 25 रनों की साझेदारी करके चेन्नई को नौ गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिला दी। हैदराबाद के लिए राशिद खान ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए।

 
Advertisement

इससे पहले, मनीष पांडे और कप्तान डेविड वार्नर के अर्धशतकों की बदौलत पूर्व चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार को यहां के अरुण जेटली स्टेडियम में जारी आईपीएल के 14वें सीजन के 23वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 172 रनों का लक्ष्य रखा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने तीन विकेट पर 171 रनों का स्कोर बनाया। हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 22 रन के स्कोर पर ही जॉनी बेयरस्टो (7) का विकेट गंवा दिया।

इसके बाद हालांकि कप्तान वार्नर (57) और पांडे (61) ने दूसरे विकेट के लिए 87 गेंदों पर 106 रनों की शतकीय साझेदारी करके हैदराबाद को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। वार्नर ने 55 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए। पांडे ने 46 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया।

Advertisement

वार्नर और पांडे के आउट होने के बाद केन विलियम्यन और केदार जाधव ने मात्र 13 गेंदों पर ही 37 रनों की अविजित साझेदारी करके हैदराबाद को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।

विलियम्सन ने 10 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की बदौलत नाबाद 26 और जाधव ने चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के के सहारे नाबाद 12 रन बनाए। हैदराबाद ने अंतिम पांच ओवरों में 58 रन जोड़े और दो विकेट गंवाए। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लुंगी एनगिडी ने दो और सैम करन ने एक विकेट लिया।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार