AFG vs ZIM 1st Test: जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज क्रेग एर्विन (Craig Ervine) ने अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया। उन्होंने इस मुकाबले की दूसरी पारी में दोहरा शतक लगाकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। 41 साल और 82 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले एर्विन टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं।

एर्विन ने दूसरी पारी में 279 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 206 रन बनाए। उनकी इस पारी में 23 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वह टेस्ट क्रिकेट में 40 साल से अधिक की उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले 1994 के बाद पहले बल्लेबाज भी बने हैं। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ग्राहम गूच ने 1994 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में 210 रन की पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 40 साल और 314 दिन थी। 

टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाजों की लिस्ट में एर्विन से आगे सिर्फ दो खिलाड़ी हैं। पहले स्थान पर साउथ अफ्रीका के एरिक रोवन हैं, जिन्होंने 1951 में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल और 6 दिन की उम्र में 236 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जैक हॉब्स हैं, जिन्होंने 1924 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 41 साल और 195 दिन की उम्र में 211 रन की पारी खेली थी। एर्विन ने 41 साल और 82 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाकर इस लिस्ट में में तीसरा स्थान हासिल किया है।

टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज

  • एरिक रोवन (साउथ अफ्रीका) – 42 साल और 6 दिन, 1951
  • जैक हॉब्स (इंग्लैंड) – 41 साल और 195 दिन, 1924
  • क्रेग एर्विन (जिम्बाब्वे) – 41 साल और 82 दिन, 2026
  • पैट्सी हेंड्रेन (इंग्लैंड) – 40 साल और 361 दिन, 1930
  • ग्राहम गूच (इंग्लैंड) – 40 साल और 314 दिन, 1994

एर्विन की यह पारी जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिहाज से भी बेहद खास रही। उनके दोहरे शतक से पहले आखिरी बार किसी जिम्बाब्वे बल्लेबाज ने नवंबर 2000 में टेस्ट क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा रन बनाए थे। उस समय एंडी फ्लावर ने भारत के खिलाफ नागपुर में नाबाद 232 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके बाद करीब 26 साल तक जिम्बाब्वे का कोई बल्लेबाज टेस्ट में दोहरा शतक नहीं लगा सका था।

Also Read: LIVE Cricket Score

एर्विन अब टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं उनकी 206 रन की नाबाद पारी जिम्बाब्वे की ओर से टेस्ट की एक पारी में बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार