चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल (IPL 2026) में परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम को एक और बड़ा झटका लगा है और अब एक और खिलाड़ी डेब्यू मैच खेलकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2026 सीजन अब तक चोटों से काफी प्रभावित रहा है और टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले ही कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो चुके हैं, और अब टीम को एक और बड़ा झटका लगा है।
दरअसल, CSK के ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष अपने डेब्यू मैच के बाद ही पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेपॉक में खेले गए मुकाबले में डेब्यू करने वाले घोष को दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके चलते वो अब इस सीजन में आगे नहीं खेल पाएंगे। फ्रेंचाइज़ी ने खुद इस खबर की पुष्टि अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए की है।
CSK के लिए यह सीजन शुरुआत से ही मुश्किलों भरा रहा है। टीम के कई स्टार खिलाड़ी या तो सीजन शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए या फिर बीच में चोटिल होकर टीम से दूर हो गए। सबसे बड़ी बात यह है कि टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वो अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और जल्द वापसी की कोशिश में हैं।
चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट भी अब काफी लंबी हो चुकी है। नाथन एलिस सबसे पहले बाहर हुए, उनके रिप्लेसमेंट स्पेंसर जॉनसन भी आधा सीजन मिस कर चुके हैं। इसके अलावा खलील अहमद, आयुष म्हात्रे भी पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। ऐस में अब रामकृष्ण घोष का भी चोटिल होकर बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
Also Read: LIVE Cricket Score
टीम की मौजूदा स्थिति की बात करें तो CSK ने इस सीजन में अब तक 9 में से 4 मैच जीते हैं, जबकि 5 में हार का सामना किया है। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है और प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। अब CSK के पास 5 मैच बाकी हैं और अगर टीम सभी मुकाबले जीत जाती है तो उसके 18 अंक हो जाएंगे, जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी होंगे। वहीं 16 अंकों के साथ भी टीम के पास क्वालिफाई करने का अच्छा मौका रहेगा।