ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर (David Warner) पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन पर रविवार, 05 अप्रैल को सिडनी के मारौबरा में शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। गौरतलब है कि डेविड वॉर्नर की इस हरकत के लिए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये घटना मारौबरा में रविवार की रात में घटी। यहां पुलिस एक साइट पर रैंडम ब्रेथ टेस्ट कर रही थी जिसे देखकर 39 वर्षीय डेविड वॉर्नर ने टेस्टिंग साइट पर पहुंचने से पहले ही अपनी गाड़ी रोककर पार्क कर दी। इस दौरान जब पुलिस ने उनका ब्रेथ टेस्ट किया तो उनका ब्लड अल्कोहल लेवल 0.104 पाया गया जो कि कानूनी सीमा से दोगुने से भी ज्यादा है।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और वो उन्हें मारौबरा पुलिस स्टेशन ले गए हालांकि उन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। जान लें कि इसका मतलब ये नहीं है कि डेविड वॉर्नर की परेशानियां अब खत्म हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार अब डेविड वॉर्नर को अगले महीने 7 मई 2026 को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होना होगा।
गौरतलब है कि ये पूरी घटना तब घटी है जब डेविड वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में कराची किंग्स की कैप्टेंसी कर रहे हैं। वो टूर्नामेंट के बीच कुछ समय अपनी फैमिली के साथ बिताने के लिए वापस स्वदेश ऑस्ट्रेलिया लौट आए थे और इसी बीच उन्होंने शराब पीकर गाड़ी चलाने की गलती की और खुद को मुसीबत में फंसा लिया।
PSL 2026 में कराची किंग्स का अगला मुकाबला गुरुवार, 09 अप्रैल को पेशावर जाल्मी के साथ कराची में होगा। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो इस मुकाबले के लिए उपलब्ध होते हैं या नहीं। बात करें अगर टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन की तो वो तीन मैचों में 31 की औसत और 138.80 की स्ट्राइक रेट से 93 रन बना चुके हैं।
बात करें अगर उनके इंटरनेशनल प्रदर्शन की तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट में 8,786 रन, 161 वनडे में 6,932 रन और 110 टी20 मैचों में 3,277 रन बनाए। वो इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।