David Willey & Saif Zaib Relay Catch: इंग्लैंड के घरेलू टी20 टूर्नामेंट वाइटैलिटी टी20 ब्लास्ट 2026 (Vitality Blast 2026) के पहले सेमीफाइनल में ऐसा कैच देखने को मिला, जिसे इस सीजन का सबसे बेहतरीन कैच कहा जा रहा है। नॉर्थैम्पटनशायर के कप्तान डेविड विली और सैफ ज़ैब ने शानदार तालमेल दिखाते हुए रिले कैच पूरा किया। 

Advertisement

इंग्लैंड और वेल्स के घरेलू टी20 टूर्नामेंट वाइटैलिटी टी20 ब्लास्ट 2026 का पहला सेमीफाइनल शनिवार (18 जुलाई) को एजबेस्टन में नॉर्थैम्पटनशायर और समरसेट के बीच खेला गया। इस मुकाबले में नॉर्थैम्पटनशायर के कप्तान डेविड विली और उनके साथी सैफ ज़ैब ने ऐसा रिले कैच लपका, जिसे देखकर मैदान में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ कमेंटेटर्स भी हैरान रह गए। कई फैंस इसे टूर्नामेंट का सबसे बेहतरीन कैच बता रहे हैं।

यह शानदार नजारा समरसेट की पारी के 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर देखने को मिला। उस समय टीम को जीत के लिए 16 गेंदों में 33 रन की जरूरत थी और मुकाबला पूरी तरह रोमांचक मोड़ पर था। नॉर्थैम्पटनशायर के तेज गेंदबाज बेन सैंडरसन ने बल्लेबाजी कर रहे क्रेग ओवरटन को ऑफ स्टंप के बाहर  फुल लेंथ की धीमी गेंद फेंकी, जिस पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की।

गेंद लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑफ के बीच बाउंड्री लाइन की ओर जा रही थी, लेकिन डेविड विली ने शानदार छलांग लगाकर हवा में कैच पकड़ा। हालांकि उनका संतुलन बिगड़ रहा था और वह बाउंड्री के बाहर जा सकते थे। ऐसे में उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए गेंद को तुरंत हवा में सैफ ज़ैब की तरफ उछाल दिया। बाउंड्री के अंदर खड़े सैफ ज़ैब ने बिना कोई गलती किए कैच पूरा कर लिया। इस शानदार रिले कैच के साथ ओवरटन की पारी 3 गेंदों में 5 रन बनाकर ही समाप्त हो गई और समरसेट को बड़ा झटका लगा।

VIDEO:

अगर मुकाबले की बात करें तो समरसेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। नॉर्थैम्पटनशायर की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन क्रिस लिन (39 रन 26 गेंद), सैफ ज़ैब (26 रन 28 गेंद) और लुईस मैकमैनस (21 रन 16 गेंद) की पारियों की बदौलत टीम ने 19.2 ओवर में ऑलआउट होकर 143 रन बनाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए समरसेट की शुरुआत बेहद खराब रही। डेविड विली ने पहली ही गेंद पर टॉम बैंटन को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज विल स्मीड (49 रन) और टॉम कोहलर-कैडमोर (29 रन) ने 62 रन की साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन उसके बाद नॉर्थैम्पटनशायर के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। डेविड विली ने 17 रन देकर 3 विकेट और बेन सैंडरसन ने 28 रन देकर 3 विकेट लिए। नतीजन समरसेट 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 126 रन तक ही पहुंच सकी। इस तरह नॉर्थैम्पटनशायर ने यह मुकाबला 17 रन से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार