तेज गेंदबाज दीपक चाहर (4/13) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने यहां वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल के आठवें मुकाबले में पंजाब किंग्स को शुक्रवार को 106 रन पर रोक लिया।

Advertisement

चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह 200वां मैच है और इस मुकाबले में उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चाहर ने शानदार गेंदबाजी कर कप्तान के फैसले को सही साबित कर दिया।

Advertisement

पंजाब की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 106 रन ही बना सकी। पंजाब की ओर से शाहरुख खान ने 36 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 47 रन बनाए। चेन्नई की तरफ से दीपक के अलावा मोइन अली, ड्वेन ब्रावो और सैम करेन ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले, पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और चाहर ने पंजाब की पारी को पूरी तरह लड़खड़ा दिया। पंजाब ने मयंक अग्रवाल (0), कप्तान लोकेश राहुल (5), क्रिस गेल (10), निकोलस पूरन (0) और दीपक हुडा (10) के विकेट कुल 26 के योग पर ही गंवा दिए।

इसमें से राहुल को छोड़कर अन्य चार विकेट चाहर ने झटके। शुरुआती झटकों के बाद शाहरूख ने झाई रिचर्डसन के साथ मिलकर पारी को कुछ संभालने की कोशिश की और दोनों बल्लेबाजों ने स्कोर 50 के पार पहुंचाया। लेकिन मोइन ने रिचर्डसन को बोल्ड कर इस साझेदारी को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया।

इसके बाद मुरुगन अश्विन को ब्रावो ने पवेलियन भेजा। अश्विन ने 14 गेंदों पर छह रन बनाए। शाहरुख ने हालांकि टिक कर पंजाब को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा करने में असफल रहे और आठवें बल्लेबाज के रूप में अंतिम ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। पंजाब की पारी में मोहम्मद शमी 12 गेंदों पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार