Deepti Sharma Most Wickets In Women's Internationa Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के अगले मुकाबले में उनके पास पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
दीप्ति इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं और दीप्ति ने 13.33 की शानदार औसत से 6 विकेट अपने नाम किए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में तो उन्होंने गेंद से कहर बरपाते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके थे।
हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में गेंद से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 44 रन खर्च किए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सकीं। इस वजह से वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने से भी चूक गईं। भारत को भी उस मुकाबले में 6 विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा।
फिलहाल महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड झूलन गोस्वामी और दीप्ति शर्मा के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। दोनों गेंदबाजों ने 355-355 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में अब दीप्ति को इस ऐतिहासिक उपलब्धि तक पहुंचने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत है।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
- झूलन गोस्वामी – 355 विकेट
- दीप्ति शर्मा – 355 विकेट
- कैथरीन स्किवर-ब्रंट – 335 विकेट
- एलिस पेरी – 332 विकेट
- सोफी एक्लेस्टोन – 327 विकेट
भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला गुरुवार (25 जून) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। इस मैच पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की नजरें रहने वाली हैं, क्योंकि दीप्ति के पास इस मुकाबले में इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। अगर वह एक विकेट लेने में सफल रहती हैं तो महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की नई 'विकेट क्वीन' बन जाएंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
दीप्ति शर्मा के करियर आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 124 मैचों में 166 विकेट हासिल किए हैं। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 147 मैचों में 167 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में भी वह 22 विकेट ले चुकी हैं। तीनों फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली दीप्ति अब दुनिया की सबसे सफल महिला गेंदबाज बनने के बिल्कुल करीब पहुंच गई हैं।