IND-W vs ZIM-W 1st T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत को जीत के लिए 115 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने शुरुआत में ही भारतीय बल्लेबाजी को झकझोर दिया। इसके बाद दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) और 20 साल की डेब्यूटेंट निकी प्रसाद (Niki Prasad) ने जिम्मेदारी संभाली और अहम पारियां खेलकर टीम को जीत दिला दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन बनाए। टीम की सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु ने 44 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। वहीं पारी के आखिरी ओवरों में शार्ने मेयर्स ने भी अहम योगदान दिया। वह 33 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद लौटीं। इन दोनों की पारियों की मदद से जिम्बाब्वे की टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
भारत की ओर से गेंदबाजी करते हुए नंदिनी शर्मा ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जिम्बाब्वे की गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया। 3.1 ओवर में भारत का स्कोर 19 रन था और टीम अपने चार विकेट गंवा चुकी थी। कप्तान स्मृति मंधाना 9 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हरमनप्रीत कौर सिर्फ 1 रन बना सकीं। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा भी 4-4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
ऐसे समय में दीप्ति शर्मा और इंडिया के लिए डेब्यू कर रही महज 20 साल की युवा बल्लेबाज निकी प्रसाद ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारत को मुकाबले में वापस ला दिया। दीप्ति ने 37 गेंदों में 49 रन बनाए और निकी प्रसाद ने भी धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 35 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए और आखिर तक क्रीज पर टिककर भारत को जीत दिलाई।
जिम्बाब्वे की ओर से न्याशा ग्वानज़ुरा ने तीन विकेट लिए। वहीं, मिशेल मावुंगा, ओलिंडर चारे और बिलव्ड बिजा को एक-एक विकेट मिला।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह भारतीय टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।