IND-W vs ZIM-W 2nd ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी से कमाल कर दिया। रविवार (25 अक्टूबर) को कोटंबी के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दीप्ति ने वनडे इंटरनेशनल में 9 साल बाद शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। 

दीप्ति शर्मा ने इस मुकाबले में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने कुल 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल रहे। दीप्ति ने मुश्किल समय में टीम की पारी को संभाला और हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की साझेदारी हुई, जिसने भारतीय टीम को 328 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दीप्ति ने इससे पहले अपना पहला वनडे शतक 15 मई 2017 को आयरलैंड के खिलाफ लगाया था। इसके बाद उन्हें दूसरे शतक के लिए करीब 9 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। 

छठे या उससे निचले नंबर पर शतक लगाने वाली पहली भारतीय
दीप्ति शर्मा ने इस शतक के साथ भारतीय महिला वनडे क्रिकेट में एक खास रिकॉर्ड बनाया। वह छठे या उससे निचले नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले इस क्रम पर भारत के लिए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड ऋचा घोष के नाम था। ऋचा ने पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 94 रन बनाए थे। अब दीप्ति ने नाबाद 106 रन की पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

भारत की ओर से पांचवां सबसे तेज वनडे शतक
दीप्ति ने गेंदों के लिहाज से भारत की ओर से महिला वनडे क्रिकेट का पांचवां सबसे तेज शतक भी लगाया। यह रिकॉर्ड फिल्हाल भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना के पास है, जिन्होंने 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली में 50 गेंदों में शतक जड़ा था।  मंधाना ने इसी साल आयरलैंड के खिलाफ राजकोट में 70 गेंदों और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुल्लांपुर में 77 गेंदों में भी शतक लगाए थे। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर-ले-स्ट्रीट में 82 गेंदों में शतक पूरा किया था।

Also Read: LIVE Cricket Score

हरमनप्रीत के साथ साझेदारी में भी बनाया रिकॉर्ड
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने भी शानदार शतक लगाया। उन्होंने 121 गेंदों पर 126 रन की पारी खेली। दीप्ति और हरमनप्रीत के बीच पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की साझेदारी हुई, जो महिला वनडे क्रिकेट में पांचवें या उससे निचले विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर के नाम था। दोनों ने 2022 महिला विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 122 रनों की साझेदारी की थी। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार