Nikhil Chaudhary Australia T20I Team: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम में भारत में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी को शामिल किया है। वह 60 से ज़्यादा सालों में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।
ट्रैविस हेड निजी कारणों के चलते इस पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत पड़ गई है। कप्तान मिचेल मार्श चोट के काऱण वनडे सीरीज से बाहर हुए, हालांकि उम्मीद है कि वह टखने की चोट से उबरकर टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
निखिल शुक्रवार को ढाका में ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ जुड़ेंगे। मिडिल-ऑर्डर में जगह बनाने के लिए जोएल डेविस और एरन हार्डी जैसे खिलाड़ियों से उनका मुकाबला होगा।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कई भारतीय मूल के खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है, जिनमें गुरिंदर संधू और तनवीर संघा शामिल हैं, लेकिन 1960 के दशक (जब गुजरात में जन्मे लेग-स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 के कलकत्ता टेस्ट में हिस्सा लिया था) के बाद से भारत में जन्मे किसी पुरुष खिलाड़ी ने नेशनल टीम के लिए नहीं खेला है। पुणे में जन्मीं और ऑस्ट्रेलियाई माता-पिता द्वारा गोद ली गईं लिसा स्थालेकर, 2000 के दशक में ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की स्टार खिलाड़ी रही थीं।
बता दें कि निखिल ने पिछले तीन बिग बैश लीग सीजन में होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।
चौधरी ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं, लेकिन वे वहां के स्थायी निवासी हैं और अपने अपनाए हुए देश के लिए खेलने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं।
दिल्ली के जन्मे निखिल ने पंजाब के लिए 14 लिमिटेड ओवर मुकाबले खेले हैं। वह हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे भारत के स्टार खिलाड़ियों के साथ खेल चुके हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम
Also Read: LIVE Cricket Score
मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कोनॉली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम जाम्पा।