13 अप्रैल (CRICKETNMORE)| दिल्ली कैपिटल्स ने अपने अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन (नाबाद 97) और युवा खिलाड़ी ऋषभ पंत (46) की बेहतरीन जुगलबंदी के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को उसके घर ईडन गार्डन्स स्टेडियम में सात विकेट से मात दे इस सीजन की चौथी जीत दर्ज की।

Advertisement

कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल (65) और आंद्रे रसेल की तेज पारियों के दम पर 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए थे। दिल्ली ने यह लक्ष्य 18.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Advertisement

यह दिल्ली की सात मैचों में चौथी जीत है। उसके अब आठ अंक हो गए हैं। अंकतालिका में वह अब छठे स्थान से आगे बढ़ते हुए चौथे स्थान पर आ गई है। 

मजबूत लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिल्ली को तेज शुरुआत की जरूरत थी। उसे वह तो मिली, लेकिन उसने दो विकेट शुरुआती छह ओवरों में ही खो दिए। सात गेंदों पर दो छक्के की मदद से 14 रन बनाने वाले पृथ्वी शॉ 32 के कुल स्कोर पर आउट हुए तो कप्तान श्रेयस अय्यर (6) 57 के कुल स्कोर पर आंद्रे रसेल की गेंद पर पवेलियन लौट लिए। 

दूसरे छोर से हालांकि धवन ने तेजी से रन बनाने का सिलसिल जारी रखा। वहीं अय्यर के जाने के बाद क्रिज पर आए पंत ने धीमी शुरुआत की। 10 ओवरों में दिल्ली का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 88 रन था। यहां से पंत ने धीरे-धीरे अपने गियर बदलने शुरू किए और बड़े शॉट लगाने लगे। पंत अपने अर्धशतक से चूक गए। उनका विकेट 162 के कुल स्कोर पर गिरा। पंत ने अपनी पारी में 31 गेंदें खेलीं, जिनमें चार पर चौके और दो पर छक्के लगाए। पंत ने धवन के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। 

पंत जब आउट हुए तब दिल्ली को 17 गेंदों पर 17 रनों की दरकार थी। इसके बाद कॉलिन इनग्राम ने धवन के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। इनग्राम ने हालांकि धवन को पहले आईपीएल शतक से वंचित कर दिया। धवन को शतक के लिए तीन रनों की जरूरत थी और इसलिए वह आराम से खेल रहे थे, लेकिन इनग्राम ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का मार दिल्ली को जीत दिलाई। धवन ने अपनी नाबाद पारी में 63 गेंदें खेलीं। उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। इनग्राम छह गेंदों पर एक छक्का और एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Advertisement

इससे पहले, दिल्ली ने टॉस जीतकर कोलकाता को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। कोलकाता के सिर्फ यह दो बल्लेबाज ही रन कर सके।

मेजबान टीम को पहली ही गेंद पर झटका लग गया। जोए डेनले को पहली ही गेंद पर ईशांत शर्मा ने बोल्ड कर दिया। यहां से अनुभवी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (28) और गिल ने टीम को संभाला। इस जोड़ी को कागिसो रबाडा ने 63 के कुल स्कोर पर उथप्पा को आउट कर तोड़ा।

यहां से कोलकाता ने नियमित अंतराल पर विकेट खो दिए। नीतीश राणा (11) क्रिस मौरिस द्वारा बोल्ड कर दिए गए। इसके बाद गिल की अर्धशतकीय पारी का अंत कीमो पॉल ने किया। गिल का विकेट 115 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने अपनी शानदार पारी में 39 गेंदें खेलीं और सात चौकों के अलावा दो छक्के लगाए।

Advertisement

टीम के स्कोर में सात रन का इजाफा ही हुआ था कि रबाडा ने मेजबान टीम के कप्तान दिनेश कार्तिक को दो के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। 

फिर, रसेल मैदान पर आए और अपने अंदाज में बल्लेबाजी कर दिल्ली के गेंदबाजों की धुनाई करने लगे। वह अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने डीप प्वाइंट पर एक बड़ा शॉट खेला जो सीधे रबाडा के हाथों में चला गया। यहां रसेल की 21 गेंदों की पारी का अंत हुआ जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। 

कार्लोस ब्रैथवेट (6) आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। पीयूष चावला छह गेंदों पर दो चौके लगाकर 14 रनों पर नाबाद रहे। उनके साथ कुलदीप यादव दो रनों पर नाबाद लौटे।

Advertisement

दिल्ली के लिए रबाडा, मौरिस और पॉल ने दो-दो विकेट लिए। ईशांत को एक विकेट मिला। 
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार