AUS vs ENG 3rd T20I: इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन (Jamie Overton) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से जमकर कहर बरपाया। शुक्रवार (27 नवंबर) को ब्रिस्बेन के गाबा में खेले गए इस मैच में उन्होंने टिम डेविड (Tim David) को भी अपने जाल में फंसाया। दोनों के बीच इस दौरान एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। ओवरटन ने पहले अपनी रफ्तार से डेविड को परेशान किया और फिर अगली ही गेंद पर उनका विकेट हासिल कर लिया।
यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के नौवें ओवर में हुई। ओवरटन ने तीसरी गेंद शॉर्ट लेंथ पर डाली, जिस पर टिम डेविड आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। गेंद पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई और सीधे डेविड की कोहनी के पास जा लगी। यह गेंद करीब 141 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई थी। डेविड ने दर्द जाहिर नहीं किया, लेकिन गेंद का असर साफ दिखाई दे रहा था।
अगली ही गेंद पर डेविड ने इसका जवाब देने की कोशिश की। ओवरटन ने एक बार फिर मिडिल और लेग स्टंप की लाइन पर शॉर्ट गेंद डाली। डेविड ने इस पर पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरह से नहीं आई। फाइन लेग पर खड़े हेनरी क्रोकोम्ब ने बिना कोई गलती किए आसान कैच लपक लिया। इस तरह डेविड की पारी महज 7 गेंदों में 6 रन बनाकर समाप्त हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने 77 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया।
VIDEO:
ओवरटन ने सिर्फ डेविड ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के बाकी बल्लेबाजों को भी खूब परेशान किया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 12 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 16.5 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। उनका कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। सैम हार्पर 14 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में इंग्लैंड को डीएलएस नियम के तहत 16 ओवर में 93 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। टीम की ओर से एन्यूरिन डोनाल्ड ने 13 गेंदों में 32 रन और जॉर्डन कॉक्स ने 14 गेंदों में नाबाद 33 रन की तूफानी पारियां खेलीं। दोनों की बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने महज 8.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।