हैदराबाद, 15 अप्रैल (CRICKETNMORE)| कगिसो रबाडा (22-4), कीमो पॉल (17-3) और क्रिस मोरिस (22-3) के करिश्माई प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने यहां राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के मैच में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को 39 रन से करारी शिकस्त दी।

Advertisement

दिल्ली की आठ मैचों में यह पांचवीं जीत है और अब वह 10 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, हैदराबाद को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वह छठे नंबर पर है। 

Advertisement

दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 155 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर हैदराबाद को 18.5 ओवर में 116 रन पर ढेर कर दिया। 

इस जीत के साथ ही दिल्ली ने इस सीजन में अपने घर में हैदराबाद से मिली हार का बदला भी ले लिया है। 

दिल्ली से मिले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को डेविड वार्नर (51) और जॉनी बेयरस्टो (41) ने पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 72 रन की साझेदार कर शानदार शुरुआत दी। 

खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को कीमो पॉल ने तोड़ा। पॉल ने पहले तो बेयरस्टो को और फिर कप्तान केन विलियम्सन (3) को कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराकर हैदराबाद को लगातार दो झटके दिए। बेयरस्टो ने 31 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। 

Advertisement

78 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वार्नर ने रिकी भुई (7) के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रन ही जोड़े थे कि पॉल ने एक बार फिर इस साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने भुई को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। 

भुई के आउट होने के बाद वार्नर भी अपना अर्धशतक बनाकर रबाडा का शिकार बन बैठे। रबाडा ने वार्नर को कप्तान श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वार्नर ने 47 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। 

रबाडा ने अगली ही गेंद पर विजय शंकर (1) को भी चलता किया। रबाडा हैट्रिक पर थे लेकिन वह चूक गए। 

Advertisement

हैदराबाद की टीम एक समय दो विकेट पर 101 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी लेकिन फिर इसके बाद वह मात्र 15 के अंदर ही अपने बाकी के आठ विकेट गंवाकर 18.5 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई। 

दिल्ली के लिए रबाडा ने 22 रन पर सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। उनके अलावा पॉल ने 17 रन पर तीन विकेट और मोरिस ने 22 रन पर तीन विकेट हासिल किए। 

इससे पहले, कप्तान श्रेयस अय्यर (45) और कोलिन मुनरो (40) की उपयोगी पारियों के सहारे दिल्ली कैपिटल्स ने सात विकेट पर 155 रन का स्कोर बनाया और उसके गेंदबाजों ने इस स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया। 

Advertisement

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने के लिए उतरी दिल्ली की शुरूआत खराब रही और टीम ने 20 रन के अंदर ही पृथ्वी शॉ(4) और पिछले मैच में नाबाद 97 रन बनाने वाले शिखर धवन (7) का विकेट गंवा दिया। 

इसके बाद अय्यर और मुनरो ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। मुनरो टीम के 69 के स्कोर पर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। उन्होंने 24 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के लगाए। 

मुनरो के आउट होने के बाद अय्यर ने ऋषभ पंत (23) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। वह टीम के 125 के स्कोर पर चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। अय्यर ने 40 गेंदों पर पांच चौके लगाए। 

Advertisement

अय्यर के आउट होने के बाद पंत भी चलते बने। उन्होंने 19 गेंदों पर तीन चौके लगाए। दिल्ली ने अंतिम चार ओवर में 29 रन बनाए और तीन विकेट भी गंवाए। 

क्रिस मोरिस ने चार, कीमो पॉल ने सात और अक्षर पटेल ने नाबाद 14 तथा कगिसो रबाडा ने नाबाद दो रन का योगदान दिया। 

हैदराबाद की ओर से खलील अहमद के तीन विकेटों के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने दो और राशिद खान तथा अभिषेक शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।  
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार