सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के 92 रन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 14वें सीजन के 11वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन का स्कोर बनाया, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने 10 गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है और टीम के अब चार अंक हो गए हैं और वह तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। पंजाब किंग्स को तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। कप्तान केएल राहुल के जन्मदिन पर उनकी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा।

मुंबई से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शिखर और पृथ्वी शॉ (32) ने पहले विकेट के लिए 33 गेंदों पर 59 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दी। शॉ ने 17 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए। शॉ को अर्शदीप सिंह ने आउट किया।

शॉ के आउट होने के बाद शिखर ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना पहला मुकाबला खेल रहे स्टीव स्मिथ (9) के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 48 रन जोड़े। वह टीम के 107 के स्कोर पर दूसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे।

उनके लौटने के बाद शिखर ने कप्तान ऋषभ पंत (15) के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 गेंदों पर 45 रनों की साझेदारी की। शिखर टीम के 152 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 49 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के लगाए। शिखर का आईपीएल में यह 45वां अर्धशतक है।

Advertisement

शिखर के आउट होने के बाद पंत ने मार्कस स्टोयनिस (नाबाद 27) के साथ चौथे विकेट के 16 गेंदों पर 28 रनों की साझेदारी करके दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से जीत दिला दी। ललति यादव ने छह गेंदों पर दो चौकों की बदौलत नाबाद 12 रन बनाए। स्टोयनिस ने 13 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।

पंजाब किंग्स की ओर से झाय रिचर्डसन ने दो और अर्शदीप सिंह तथा रिले मेरेडिथ ने एक-एक विकेट लिए।

इससे पहले, सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (69) और बर्थडे ब्वॉय कप्तान केएल राहुल (61) की अर्धशतकीय पारी तथा दोनों बल्लेबाज के बीच पहले विकेट के लिए हुई 122 रनों की साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 196 रनों का लक्ष्य रखा।

Advertisement

पंजाब ने मयंक के 36 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 69 और राहुल के 51 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों के सहारे 61 रन की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए।

दिल्ली की ओर से क्रिस वोक्स, लुकान मेरिवाला, आवेश खान और कैगिसो रबादा ने एक-एक विकेट लिए।

पंजाब को मयंक और राहुल ने मजबूत शुरुआत दिलाई और दिल्ली के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। हालांकि मेरिवाला ने मयंक को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद राहुल भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और रबादा ने उन्हें पवेलियन भेजा।

Advertisement

इन दो बल्लेबाजों के आउट होने के बाद वोक्स ने क्रिस गेल को आउट कर पंजाब को तीसरा झटका दिया। गेल ने नौ गेंदों पर एक छक्के की मदद से 11 रन बनाए। निकोलस पूरन को आवेश खान ने अपना शिकार बनाया और वह आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

पंजाब की पारी में दीपक हुडा 13 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 22 रन और शाहरुख खान पांच गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के सहारे 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार