IPL 2026, Sunrisers Hyderabad vs Royal Challengers Bengaluru: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में RCB की टीम 200 रन तक ही पहुंच सकी। हालांकि हार के बावजूद RCB ने लीग स्टेज का अंत अंकतालिका में पहले स्थान पर किया।

Advertisement

आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 24 गेंदों में 45 रन जोड़े। ट्रैविस हेड ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेली। 

Advertisement

इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 113 रन की शानदार साझेदारी कर डाली। क्लासेन ने सिर्फ 24 गेंदों में 51 रन ठोक दिए, वहीं ईशान किशन ने 46 गेंदों में 79 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा आखिरी ओवरों में नितीश कुमार रेड्डी ने भी 12 गेंदों में नाबाद 29 रन की अहम कैमियो पारी खेली। इन तूफानी पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए गेंदबाजी में रसिख सलाम डार ने 2 विकेट हासिल किए। वहीं क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत भी तेज रही। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की। विराट कोहली ने 11 गेंदों में 15 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली।

इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 21 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या ने चौथे विकेट के लिए 58 गेंदों में 84 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि क्रुणाल पांड्या 30 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Advertisement

लेकिन विशाल लक्ष्य के सामने यह योगदान काफी नहीं रहा और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 20 ओवर में 200 रन तक ही पहुंच सकी। इस तरह सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि इस जीत और 18 अंकों के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद टॉप-2 में अपनी जगह नहीं बना सकी। वहीं बेहतर रनरेट के चलते RCB अंकतालिका में पहले स्थान पर बनी रही।

Also Read: LIVE Cricket Score

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने 2 विकेट लिए। वहीं साकिब हुसैन और ट्रैविस हेड को 1-1 सफलता मिली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार