चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के स्टार बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) शनिवार, 11 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उपलब्ध होंगे या नहीं? यह सवाल CSK फैंस के मन में बना हुआ है। अगर आप भी इसका जवाब जानना चाहते हैं, तो बता दें कि खुद चेन्नई सुपर किंग्स ने बेबी एबी के खेलने को लेकर बड़ा हिंट दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, CSK ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से डेवाल्ड ब्रेविस का एक वीडियो साझा किया है जिसे देखकर ऐसा लग रहा कि वो पूरी तरह फिट हैं और टीम के आगामी मुकाबलों के लिए प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। अगर ऐसा ही है तो इसमें कोई शक नहीं कि वो शनिवार, 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला जरूर खेलेंगे।
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने भी डेवाल्ड ब्रेविस की फिटनेस पर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि डेवाल्ड ब्रेविस अगले मैच के लिए उपलब्ध होंगे, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि उनकी रिकवरी कैसी रहती है। अगले मैच से पहले हमारे पास कुछ दिन का समय है।"
गौरतलब है कि 22 साल के डेवाल्ड ब्रेविस एक बेहद ही आक्रमक बल्लेबाज़ हैं जो कि मैदान के किसी भी कोने में चौके-छक्के ठोकने की काबिलियत रखते हैं। यही वज़ह है उन पर चेन्नई सुपर किंग्स ने पूरा भरोसा जताया है और साल 2026 के सीजन के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये में रिटेन किया है। हालांकि वो अपनी साइड स्ट्रेन की चोट के कारण सीजन में अब तक कोई भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं।
बात करें उनके आईपीएल करियर की तो उन्होंने 16 मैचों में 28.44 की औसत और 153.20 की स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए हैं। खास बात ये है कि पिछले साल उनका बल्ला जमकर बोला था और उन्होंने सिर्फ 6 मैचों में 37.50 की औसत और 180 की स्ट्राइक रेट से 225 रन ठोक दिए थे। इसके अलावा उनके नाम 135 टी20 मैचों में 3 शतक और 13 अर्धशतक के साथ कुल 3,240 रन दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का पूरा स्क्वाड: महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, ज़ैकरी फ़ॉल्क्स।