The Hundred 2026: द हंड्रेड मेंस 2026 का 31वां मुकाबला बुधवार (12 अगस्त) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स स्टेडियम में वेल्श फायर (Welsh Fire) और लंदन स्पिरिट (London Spirit) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के युवा स्टार बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) भले ही बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने एक बार फिर अपने नो-लुक सिक्स से फैंस को रोमांचित कर दिया।
लंदन स्पिरिट के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ब्रेविस ने 17 गेंदों में 16 रन बनाए। उनकी इस छोटी पारी में एक ऐसा छक्का शामिल रहा, जिसने पूरे स्टेडियम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
यह शानदार शॉट लंदन स्पिरिट की पारी की 55वीं गेंद पर देखने को मिला। न्यूजीलैंड के स्पिन ऑलराउंडर रचिन रविंद्र गेंदबाजी कर रहे थे और उन्होंने यह गेंद बिल्कुल ब्रेविस के स्लॉट में डाल दी। ब्रेविस ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और पूरी ताकत से बल्ला घुमाते हुए उसे लॉन्ग ऑन के ऊपर से स्टैंड में पहुंचा दिया। यह छक्का करीब 93 मीटर लंबा था। ब्रेविस का यह पावरफुल नो-लुक सिक्स देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस भी झूम उठे।
VIDEO:
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन स्पिरिट ने निर्धारित 100 गेंदों में 8 विकेट खोकर 131 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 19 गेंदों में 34 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। इसके अलावा जेम्स कोल्स ने 22 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि जेमी ओवरटन ने सिर्फ 11 गेंदों में 21 रन की अहम पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेल्श फायर के लिए जॉर्डन कॉक्स ने 28 गेंदों में 44 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा अनुभवी जो रूट ने 31 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि कप्तान फिल सॉल्ट ने 21 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद वेल्श फायर की टीम निर्धारित 100 गेंदों में 125 रन तक ही पहुंच सकी और लंदन स्पिरिट ने मुकाबला 6 रन से अपने नाम कर लिया।