PAK vs SL 1st Test: श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) ने पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन बुधवार (11 नवंबर) को शानदार शतकीय पारी खेली। इसके साथ ही धनंजय ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में एशियाई बल्लेबाजों द्वारा सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में शुभमन गिल की बराबरी कर ली है।
श्रीलंका की पहली पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे धनंजय डी सिल्वा ने 241 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 167 रन बना लिए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां शतक है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उनका यह 10वां शतक है। वह अब एशियाई बल्लेबाजों द्वारा सबसे ज्यादा शतक लगाने की लिस्ट में शुभमन गिल के बराबर पहुंच गए हैं, जबकि रोहित शर्मा 9 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
WTC में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज
- धनंजय डी सिल्वा (श्रीलंका) – 10 शतक, 71 पारियां
- शुभमन गिल (भारत) – 10 शतक, 76 पारियां
- रोहित शर्मा (भारत) – 9 शतक, 69 पारियां
- बाबर आजम (पाकिस्तान) – 8 शतक, 81 पारियां
- यशस्वी जायसवाल (भारत) – 7 शतक, 56 पारियां
इतना ही नहीं, धनंजय डी सिल्वा ने अपनी इस पारी के दौरान ऋषभ पंत और शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाजों की लिस्ट में भी बड़ी छलांग लगाई है। वह अब बाबर आजम के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बाबर आजम 3584 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि धनंजय के खाते में 2974 रन हो गए हैं।
WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज
- बाबर आजम – 3584 रन, 44 मैच
- धनंजय डी सिल्वा – 2974 रन, 40 मैच
- ऋषभ पंत – 2948 रन, 42 मैच
- शुभमन गिल – 2917 रन, 42 मैच
- रोहित शर्मा – 2716 रन, 40 मैच
मैच की बात करें तो तीसरे दिन धनंजय डी सिल्वा और कप्तान कुसल मेंडिस ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को काफी परेशान किया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 365 गेंदों में 249 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। धनंजय के अलावा कुसल मेंडिस ने भी अपना शतक पूरा कर लिया है। वह 188 गेंदों में 117 रन बनाकर नाबाद हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी 434 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 404 रन बना लिए हैं। इस तरह मेहमान टीम अब पाकिस्तान के स्कोर से सिर्फ 30 रन पीछे है।