नई दिल्ली, 28 अप्रैल (CRICKETNMORE)| कप्तान श्रेयस अय्यर (52) और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (50) के बाद अंतिम ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा है।

Advertisement

फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मध्य के ओवरों में कुछ विकेट लगातार अंतराल पर गिरने से दिल्ली का मजबूत स्कोर तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था, लेकिन रदरफोर्ड ने अंत में 13 गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके की मदद से नाबाद 28 रन बना कर दिल्ली को 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर दे दिया। 

Advertisement

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (18) ने कुछ अच्छे शॉट्स के साथ शुरुआत की, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं जा सके और 35 के कुल स्कोर पर उमेश यादव का शिकार बने। धवन को यहां से कप्तान अय्यर का साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी की। दोनों अच्छे गैप भी निकाल रहे थे और करीबी रन भी चुरा रहे थे। 

37 गेंदों में धवन और अय्यर ने 50 रन जोड़ लिए थे। 11.3 ओवरों में इन दोनों ने दिल्ली का स्कोर 100 कर दिया। अगली गेंद पर धवन ने अपने 50 रन पूरे किए। इसके अगले ओवर की दूसरी गेंद पर धवन, युजवेंद्र चहल की गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर के हाथों लपके गए। धवन ने अय्यर के साथ मिलकर टीम के स्कोर बोर्ड में 68 रनों का इजाफा किया। धवन ने अपनी पारी में 37 गेंदों का सामना किया तथा पांच चौके और दो छक्के लगाए। 

धवन के जाने के बाद भी अय्यर ने अपना खेल जारी रखा। उन्होंने 14.3 ओवर में चहल की गेंद पर छक्का मार कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके एक गेंद बाद दिल्ली को बड़ा झटका लगा। ऋषभ पंत (7) चहल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दे दिए गए। पंत ने रिव्यू लिया जो असफल रहा। 

अय्यर भी 129 रनों के कुल स्कोर पर सुंदर की गेंद पर कोहली के हाथों लपके गए। उन्होंने 37 गेंदों की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। कोलिन इनग्राम (11) भी 141 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए। 

Advertisement

यहां लग रहा था कि दिल्ली मजबूत स्कोर से वंचित रह जाएगी, लेकिन रदरफोर्ड और अक्षर पटेल (नाबाद 16) ने छठे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर दिया। इस जोड़ी ने आखिरी ओवर में 20 रन जोड़े। 

बेंगलोर के लिए चहल ने दो विकेट लिए। सुंदर, उमेश यादव, नवदीप सैनी ने एक-एक विकेट लिए।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार