15 जनवरी। कप्तान विराट कोहली (104) और अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 55) की बेहतरीन पारियों के दम पर भारत ने मंगलवार को एडिलेड ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे वनडे मैच में आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। 

Advertisement

आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए थे। भारत ने इस लक्ष्य को चार गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया। आस्ट्रेलिया के लिए शान मार्श ने 123 गेंदों पर 131 रनों की पारी खेली। उन्हें ग्लैन मैक्सवेल (48) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी भी की थी। 

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत को रोहित शर्मा (43) और शिखर धवन (32) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। यहां धवन जेसन बेहेरेनडॉर्फ की गेंद पर उस्मान ख्वाजा को कैच दे बैठे। 

रोहित को कप्तान कोहली का साथ मिला। दोनों ने बिना किसी परेशानी के टीम के 100 रन पूरे किए। यहां 101 के कुल स्कोर पर रोहित मार्कस स्टोइनिस की गेंद को पुल करने के प्रयास में पीटर हैंड्सकॉम्ब को कैच दे बैठे। 

कोहली ने अंबाती रायडू (24) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़े। यहां मैक्सवेल ने रायडू को आउट कर उन्हें अकेला छोड़ दिया। भारत का स्कोर अब 160 रनों पर तीन विकेट था और मैच जीतने के लिए उसे यहां एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। 

पूर्व कप्तान धोनी ने कोहली के साथ मिलकर टीम की जरूरत को पूरा किया और बिना किसी परेशानी के स्ट्राइक रोटेट करते हुए स्कोर बोर्ड को चला अपनी टीम को जीत की दहलीज पर ले जाते रहे। 

Advertisement

इस कोहली ने पीटर सिडल द्वारा फेंके गए 43वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर वनडे क्रिकेट में अपना 39वां शतक पूरा किया। इसके अगले ओवर में ही हालांकि कोहली झाए रिचर्डसन की गेंद पर डीप मिडविकेट पर मैक्सवेल के हाथों लपके गए। कोहली ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। 

यहां धोनी के कंधों पर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी थी जिसे उन्होंने दिनेश कार्तिक (नाबाद 25) के साथ मिलकर बखूबी निभाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 57 रन जोड़ टीम को जीत दिलाई। 

आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए सात रन चाहिए थे। धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का मार जीत पक्की की और अगली गेंद पर एक रन लेकर टीम को जीत दिलाई। 

Advertisement

छक्के के साथ धोनी ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इस सीरीज में यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। धोनी ने अपनी नाबाद पारी में 54 गेंदें खेलीं और दो छक्के मारे। 

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया को एक बार फिर मध्यक्रम ने संभाला। मध्यक्रम के अच्छे प्रदर्शन और मार्श-मैक्सवेल की साझेदारी के दम पर आस्ट्रेलिया का 310 के पार जाना आसानी से मुमकिन लग रहा था, लेकिन भुवनेश्वर ने 48वें ओवर में दोनों के विकेट लेकर उसे 300 के अंदर ही रूकने पर मजबूर कर दिया। आस्ट्रेलिया ने आखिरी के पांच ओवरों में महज 38 रन बनाए और चार विकेट खोए। 

आस्ट्रेलिया को एक बार फिर खराब शुरुआत मिली एरॉन फिंच (6) 20 के कुल स्कोर पर भुवनेश्वर की इनस्विंगर पर बोल्ड हो गए। दूसरे सलामी बल्लेबाज एलेक्स कैरी (18) शमी की गेंद पर 26 के कुल स्कोर पर भुवनेश्वर के हाथों लपके गए। यहां से आस्ट्रेलियाई मध्यक्रम ने एक बार फिर मोर्चा संभाला और लगातार चार अर्धशतकीय साझेदारियां कर टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले गए। 

Advertisement

इन चारों साझेदारियों में मार्श हमेशा एक छोर पर खड़े रहे। कैरी के जाने के बाद उन्होंने उस्मान ख्वाजा (21) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इस साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने अपनी एक सीधी थ्रो से ख्वाजा को आउट कर तोड़ा। 

मार्श को फिर पीटर हैंड्सकॉम्ब (20) का साथ मिला। हैंड्सकॉम्ब ने मार्श के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। जडेजा की गेंद पर धोनी ने हैंड्सकॉम्ब को स्टम्प किया। 

मार्कस स्टोइनिस (29) ने पांचवें विकेट के लिए मार्श के साथ 55 रन जोड़े। 189 के कुल स्कोर पर स्टोइनिस शमी की गेंद पर धोनी के हाथों लपके गए। यहां से मैक्सवेल और मार्श ने अपनी जोड़ी बनाई और टीम को संभाले रखा। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार