भारत के पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत ने हाल ही में हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में आने का खुला चैलेंज दिया था। इस बयान के कुछ घंटों बाद हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह और एस श्रीसंत एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों के बीच साल 2008 के आईपीएल सीजन के दौरान हुआ थप्पड़ विवाद क्रिकेट फैंस आज भी नहीं भूले हैं। अब इसी पुराने विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।
दरअसल, श्रीसंत ने हाल ही में लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में हरभजन सिंह को खुला बॉक्सिंग चैलेंज दिया। इंटरव्यू के दौरान उन्हें दोनों खिलाड़ियों की एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई, जिसमें वे बॉक्सिंग ग्लव्स पहने नजर आ रहे थे। इस तस्वीर को देखकर श्रीसंत ने कहा कि अगर हरभजन को अब भी उस थप्पड़ वाली घटना या उनसे कोई समस्या है तो वे बॉक्सिंग रिंग में आकर मुकाबला कर सकते हैं।
श्रीसंत ने कहा, "क्या आपमें हिम्मत है मेरे साथ रिंग में आने की? इन्हीं ग्लव्स के साथ... मैं आपको ओपन चैलेंज देता हूं भज्जी। अगर आपको उस घटना से इतनी परेशानी है तो रिंग में आइए।"
श्रीसंत के इस बयान के कुछ ही घंटों बाद हरभजन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंटर पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका संदेश काफी चर्चा में आ गया। हरभजन ने वीडियो में कहा, "किसी ने बहुत खूब कहा है कि करने दो जो लोग बकवास करते हैं, हमेशा खाली बर्तन ही तो आवाज करते हैं।"
हरभजन के इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे श्रीसंत के चैलेंज का जवाब मानना शुरू कर दिया। कई यूजर्स का मानना है कि हरभजन ने बिना नाम लिए श्रीसंत पर निशाना साधा है।
गौरतलब है कि हरभजन और श्रीसंत का रिश्ता लंबे समय तक आईपीएल 2008 की उस घटना की वजह से चर्चा में रहा। श्रीसंत कई बार बता चुके हैं कि उस घटना का असर उन पर और उनके परिवार पर पड़ा था। वहीं हरभजन भी स्वीकार कर चुके हैं कि जब श्रीसंत की बेटी ने उनसे उस मामले को लेकर सवाल किया था तो उन्हें काफी दुख हुआ था।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि एक समय ऐसा लग रहा था कि दोनों खिलाड़ी पुराने विवाद को पीछे छोड़ चुके हैं, लेकिन अब श्रीसंत के बॉक्सिंग चैलेंज और हरभजन की इस वीडियो ने इस बहस को फिर से हवा दे दी है।