भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में (15 जून) को खेला गया वनडे ट्राई नेशन सीरीज का चौथा मुकाबला सोमवार जबरदस्त ड्रामे से भरपूर रहा। मैच का नतीजा आखिरी गेंद तक नहीं निकल सका और दोनों टीमों के स्कोर बराबर रहने के बाद सुपर ओवर खेला गया। हालांकि सुपर ओवर कराने को लेकर मैदान पर काफी देर तक भ्रम की स्थिति बनी रही।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। एक समय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने आठवें विकेट के लिए 104 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। शेडगे ने 66 गेंदों में 72 रन बनाए, जबकि विपराज निगम ने 49 गेंदों में 51 रन की अहम पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम भी धीरे-धीरे मैच के करीब पहुंच गई। टीम के लिए सदीरा समरविक्रमा ने एक छोर संभालकर 113 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली। आखिरी ओवर में श्रीलंका ए को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे, लेकिन तेज गेंदबाज अरशद खान ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ 4 रन दिए। इसके साथ ही दोनों टीमों का स्कोर 265-265 हो गया और मुकाबला टाई हो गया।
यहीं से असली ड्रामा शुरू हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक खराब होती रोशनी की वजह से अंपायर शुरुआत में सुपर ओवर कराने के पक्ष में नहीं थे और श्रीलंका टीम भी इसके लिए सेहमत थी। लेकिन शायद कप्तान तिलक वर्मा को यह फैसला मंजूर नहीं था और वह इस दौरान टीम सपोर्ट स्टाफ अंपायरों के साथ लंबी चर्चा और बहस करते नजर आए। काफी देर तक बातचीत चलने के बाद आखिरकार फैसला लिया गया कि मुकाबले का नतीजा सुपर ओवर से निकाला जाएगा।
सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने पहले बल्लेबाजी हुए 18 रन बना डाले। इस ओवर में एक वाइड और एक नो-बॉल भी शामिल रही। सुपर ओवर में भी विवाद खत्म नहीं हुआ। आखिरी गेंद पर स्ट्राइक पर मौजूद अविष्का फर्नांडो कैच आउट हो गए थे और भारत ए के खिलाड़ी मैदान से बाहर जाने लगे थे। लेकिन तीसरे अंपायर ने गेंद को नो-बॉल करार दे दिया, जिसके बाद खिलाड़ियों को दोबारा मैदान पर बुलाया गया और एक फ्री-हिट भी कराई गई। वहीं इस घटना के दौरान भी कप्तान तिलक वर्मा फील्ड अंपायर से काफी बहस करते नजर आए।
19 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए ने सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी को भेजा। श्रीलंका ए के युवा तेंज गेंदबाज कुगाथस मैथुलन ने बेहतरीन यॉर्कर डालते हुए भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। वैभव सूर्यवंशी ने पांचवीं गेंद पर चौका जरूर लगाया, लेकिन तब तक समीकरण काफी मुश्किल हो चुका था। आखिरी गेंद पर भारत ए को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। मैथुलन ने एक और सटीक यॉर्कर फेंकी, जिस पर सूर्यवंशी कोई बड़ा शॉट नहीं लगा सके और श्रीलंका ए ने रोमांचक मुकाबले में यादगार जीत दर्ज कर ली।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब मैच के बाद सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई है कि क्या सुपर ओवर की मांग करके भारत ए ने खुद अपना नुकसान कर लिया। अगर रोशनी को देखते हुए मैच टाई ही घोषित कर दिया जाता, तो दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बंट जाता।