India vs Sri Lanka 1st Test: श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज दिनेश चांदीमल (Dinesh Chandimal) कन्कशन के कारण भारत के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के बाकी मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पसिंदु सूरियाबंदारा (Pasindu Sooriyabandara) को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया है।
भारत के खिलाफ खेले जा रहे गाले टेस्ट के चौथे दिन, चौथे ओवर के आखिर में चांदीमल को मैदान से बाहर जाना पड़ा। यह घटना तब हुई जब चांदीम ने बाउंड्री बचाने की कोशिश में डाइव लगाई और गलत तरीके से गिरे, जिससे उनके दाहिने कंधे और गर्दन में चोट लग गई।
36 साल के चांदीमल इस घटना के बाद काफी असहज दिखे और मैदान पर अपनी गर्दन पकड़कर गिरे रहे।
श्रीलंका क्रिकेट के एक बयान से पुष्टि हुई कि एहतियात के तौर पर स्कैन के लिए अस्पताल ले जाने से पहले मैदान पर ही टीम के फिजियोथेरेपिस्ट और डॉक्टर ने उनकी जांच की थी। अंदरूनी चोट का कोई संकेत नहीं मिला।
चांदीमल इस मुकाबले की पहली पारी में सिर्फ 4 रन पर आउट हो गए थे। 26 साल के सूरियाबंदारा अपना पहला टेस्ट मैच खेलेंगे। 68 फर्स्ट-क्लास मैचों में उनका औसत 54.36 रहा है और उन्होंने 14 शतक लगाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य दिया है। भारतीय टीम चौथे दिन के खेल के दौरान दूसरी पारी में 193 रनों पर ऑलआउट हो गई और पहली पारी में 178 रनों की बढ़त के चलते मेजबान टीम के सामने विशाल लक्ष्य रखा।