कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया ने वाशिंगटन सुंदर को नंबर-3 पर प्रमोट कर सबको चौंका दिया, लेकिन पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को ये फैसला कुछ खास पसंद नहीं आया और उन्होंने सुंदर के रोल को लेकर बड़ी चिंता जताई। कार्तिक का कहना है कि नंबर-3 पर खेलते-खेलते सुंदर अपनी असली स्किल गेंदबाज़ी से दूर होते जा सकते हैं।

Advertisement

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट ने सिर्फ मैच के नतीजे को लेकर ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया की बैटिंग ऑर्डर को लेकर भी खूब चर्चाएं खड़ी कीं। सबसे बड़ा सरप्राइज तब आया जब टीम मैनेजमेंट ने वाशिंगटन सुंदर को नंबर-3 पर बल्लेबाजी कराई वो भी साईं सुदर्शन को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर, जो हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज में इसी पोजीशन पर खेले थे।

Advertisement

भारतीय कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने यह कदम बल्लेबाज़ी को लंबा करने और कुलदीप यादव को टीम में फिट करने के लिए उठाया। लेकिन इस फैसले पर पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने जमकर सवाल खड़े किए हैं।

कार्तिक ने क्रिकबज़ से बातचीत में कहा, "वाशिंगटन सुंदर को टेस्ट प्लेयर के तौर पर कहाँ देखा जा रहा है? क्या वो बॉलर हैं जो बैटिंग कर सकते हैं? अगर आप उन्हें नंबर-3 पर भेज रहे हो, तो आप उनसे ज्यादा बल्लेबाज़ी की उम्मीद रख रहे हो। और जब कोई खिलाड़ी बैटिंग पर ज्यादा घंटे लगाएगा, तो गेंदबाज़ी की प्रैक्टिस अपने आप कम हो जाएगी।" कार्तिक का मानना है कि एक ही समय में दोनों स्किल्स को टॉप लेवल पर रखना लगभग असंभव है। 

गौरतलब है कि कोलकाता टेस्ट में सुंदर ने पहली पारी में 29 और दूसरी पारी में 31 रन जरूर बनाए, लेकिन गेंदबाजी में योगदान बेहद कम रहा। पहली पारी में सिर्फ एक ओवर और दूसरी पारी में एक भी गेंद नहीं फेंकी। वहीं मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया दूसरी पारी में 123 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 पर ऑलआउट हो गई और मैच 30 रन से हार गई।

Also Read: LIVE Cricket Score

अब सबकी निगाहें 22 नवंबर से शुरू होने वाले गुवाहाटी टेस्ट पर होंगी, जहाँ यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया सुंदर को फिर नंबर-3 पर उतारती है या नहीं।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार