Donovan Ferreira Record: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के 27 साल के विस्फोटक बल्लेबाज़ डोनोवन फरेरा (Donovan Ferreira) ने बीते शुक्रवार, 01 मई को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 335.71 की तूफानी स्ट्राइक रेट से नाबाद 47 रनों की शानदार पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने यूसुफ पठान (Yusuf Pathan) के एक महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में डोनोवन फरेरा, राजस्थान रॉयल्स के लिए नंबर-6 पर बैटिंग करने आए थे और उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के जड़कर ये 47 रन ठोके। खास बात ये है कि अब वो राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल के इतिहास में नंबर-6 या उससे नीचे बैटिंग करके यूसुफ पठान के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
यूसुफ पठान ने आज से 17 साल पहले यानी साल 2009 के आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए ये कारनामा किया था। उन्होंने नंबर-7 पर बैटिंग करके दिल्ली कैपिटल्स के सामने ही 30 गेंदों पर नाबाद 62 रन ठोके थे। इस पारी में उनके बैट से 6 छक्के निकले थे।
बताते चलें कि 27 साल के डोनोवन फरेरा IPL के करंट सीजन में राजस्थान रॉयल्स के मिडिल ऑर्डर की ताकत बन चुके हैं। आलम ये है कि उन्होंने RR के लिए सीजन के 9 मैचों की 7 इनिंग में 45.80 की औसत और 177.51 की स्ट्राइक रेट से 229 रन ठोके हैं। खास बात तो ये है कि उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने साल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स से ही ट्रेड करके सिर्फ 1 करोड़ रुपये में खरीदा था।
पॉइंट्स टेबल का हाल: IPL 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 226 रनों का टारगेट हासिल करके 7 विकेट से मात दी हालांकि इसके बावजूद वो पॉइंट्स टेबल पर टॉप-4 में बने हुए हैं। वो चौथी पॉजिशन पर हैं और उनके नाम 10 मैचों के बाद 12 अंक दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें दिल्ली कैपिटल्स की तो वो छठे पायदान पर हैं और उनके नाम 9 मैचों में 4 जीत के साथ 8 अंक दर्ज हैं। बात करें टॉप-3 टीमों की तो वहां पंजाब किंग्स (8 मैचों में 6 जीत और 13 अंक), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (9 मैचों में 6 जीत और 12 अंक) और सनराइजर्स हैदराबाद (9 मैचों में 6 जीत और 12 अंक) की टीम है।