चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में चेन्नई की टीम ने मुंबई को 20 रनों से हरा दिया।

इस मैच में जब चेन्नई की टीम पहली पारी में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी तब उनके विकेट एक के बाद एक गिरने लगे। चेन्नई की टीम एक समय बेहद संकट में दिख रही थी और टीम के 4 बल्लेबाज 24 रनों पर पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि चेन्नई की टीम ने युवा ओपनिंग बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़, रविंद्र जडेजा और  ड्वेन ब्रावो के दम पर जबरदस्त वापसी करते हुए टीम को संकट से निकाला और 20 ओवर की समाप्ति पर टीम का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन था।

इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन का मानना है कि मुंबई की टीम चाहती तो चेन्नई सुपर किंग्स को 100 रनों के अंदर ही ऑलआउट कर सकती थी लेकिन कप्तान कीरोन पोलार्ड के दिमाग में पता नहीं क्या चल रहा था।

पहली पारी के बाद पीटरसन ने स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत करते हुए कहा," मेरे ख्याल से मुंबई इंडियंस की टीम ने कुछ मिस कर दिया। मुझे नहीं पता कि कीरोन पोलार्ड क्या सोच रहे थे और उन्होंने जसप्रीत बुमराह को 2-3 ओवर तक गेंदबाजी नहीं दी। वो 40 रनों पर 7 विकेट या 50 रनों पर 7 विकेट हो सकते थे। सीएसके की टीम 60,70 या 80 रनों पर ऑलआउट हो सकती थी। मैं ये मजाक नहीं कर रहा हूं। आपको अपने तेज और स्ट्राइक गेंदबाज से गेंदबाजी करानी थी।"

जसप्रीत बुमराह को केवल एक ओवर के बाद ही हटा दिया गया और गेंद को क्रूनाल पांड्या और राहुल चाहर को दे दिया गया। चाहर ने भले ही अच्छी गेंदबाजी की लेकिन क्रूनाल पांड्या ने रन दिए जिसकी वजह से गायकवाड़ और रवींद्र जडेजा के अंदर भी आत्मविश्वास आया। दोनों के बीच 81 रनों की साझेदारी हुई और सीएसके ने फिर खेल में वापसी की।

दूसरी पारी में पिच थोड़ी धीमी होती गई और मुंबई की टीम के लिए रन बनाना थोड़ा मुश्किल हो गया। आखिरकार चेन्नई की टीम ने मुंबई को 136 रनों पर रोका और 20 रनों से जीत अर्जित की।

लेखक के बारे में

Shubham Shah
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार