भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। गेंद से पांच विकेट लेने के बाद आकाश दीप ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया और 29 रन बनाए। हालांकि, बल्लेबाजी के दौरान दो बार हेलमेट पर गेंद लगने के कारण आकाश अब दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरेंगे।

आकाश दीप की जगह बतौर कन्कशन सब्स्टीट्यूट प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बात की जानकारी दी है।

बीसीसीआई ने बताया, "क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बैटिंग करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लग गई। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उन पर नजर रख रही है।"

आकाश दीप का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है। वह पहली पारी में भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे थे और उन्होंने न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। वहीं, बल्लेबाजी में उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर 74 गेंदों में 46 रनों की अहम साझेदारी भी निभाई। आकाश ने 52 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों की मदद से 29 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन पहले टेस्ट मैच में कुछ खास नहीं रहा था और वह अपनी लाइन एंड लेंथ से भटके नजर आए थे।

भारत की पूरी टीम पहली पारी में 246 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से जुरेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 170 गेंदों में 88 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में जुरेल ने 14 चौके लगाए। वहीं, केएल राहुल ने 25 और ऋषभ पंत ने 23 रनों का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड ने पहली पारी के आधार पर 110 रनों की बढ़त हासिल की। गेंदबाजी में कीवी टीम की ओर से काइल जेमीसन ने 4 विकेट झटके, जबकि नाथन स्मिथ, मैट हेनरी और जैकब डफी ने दो-दो विकेट निकाले। इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम पहली पारी में 356 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार