Ellyse Perry Record: द हंड्रेड विमेंस 2026 (The Hundred Women's 2026) का 24वां मुकाबला बीते शुक्रवार, 07 अगस्त को बर्मिंघम फीनिक्स और सनराइजर्स लीड्स (BPH-W vs SUL-W) के बीच एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जिसके लिए मैदान पर कदम रखते ही एलिस पेरी (Ellyse Perry) ने इतिहास रच दिया। गौरतलब है कि एलिस पेरी ने दिग्गज सोफी डिवाइन (Sophie Devine) और सुज़ी बेट्स (Suzie Bates) के एक महारिकॉर्ड की बराबरी की है।
दरअसल, 35 वर्षीय एलिस पेरी विमेंस टी20 के इतिहास की ऐसी सिर्फ तीसरी खिलाड़ी बन गईं हैं जिन्होंने इस फॉर्मेट में 400 मुकाबले खेले। उन्होंने ये कारनामा करते हुए सोफी डिवाइन और सुज़ी बेट्स की बराबरी की। विमेंस टी20 में सर्वाधिक मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड महान सोफी डिवाइन के नाम दर्ज हैं, जो कि 433 मैच खेल चुकी हैं। उनके बाद इस लिस्ट में सुज़ी बेट्स हैं, जिन्होंने 422 मुकाबले खेले हैं।
विमेंस टी20 में सर्वाधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ी
- सोफी डिवाइन - 433
- सुज़ी बेट्स - 422
- एलिस पेरी - 400
- डेनिएल वैट - 380
- मारिजाने कैप - 372
बताते चलें कि एलिस पेरी बर्मिंघम फीनिक्स की कैप्टन हैं और उन्होंने अपने 400वें टी20 मुकाबले में 22 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने 5 गेंद भी डाले जिनमें बिना कोई विकेट लिए 13 रन दिए।
बात करें अगर एलिस पेरी के पूरे टी20 करियर की तो उन्होंने अब तक 400 मुकाबले खेलकर 9,904 रन बनाए और 250 विकेट झटके।
मैच का हाल: द हंड्रेड विमेंस 2026 के 24वें मुकाबले में सनराइजर्स लीड्स ने टॉस जीतकर बर्मिंघम फीनिक्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया जो कि अपनी पारी की 100 गेंदों पर 9 विकेट खोकर 107 रन ही बना पाए। उनके लिए एमा लैंब ने 34 गेंदों पर 47 रन और एलिस पेरी ने 22 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में सनराइजर्स लीड्स के लिए फीबी लिचफील्ड ने 33 गेंदों पर नाबाद 71 रन ठोके, वहीं लॉरेन विनफ़ील्ड-हिल ने 27 गेंदों पर नाबाद 26 रन और ब्रायोनी स्मिथ ने 9 गेंदों पर 12 रन जोड़े। तो ऐसे SUL-W ने महज़ 69 गेंदों पर 111 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की।