इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन जेकब बेथेल छाए रहे। उन्होंने गेंद से दो विकेट लेने के साथ-साथ दो शानदार कैच भी लपके। इनमें से एक कैच तो ऐसा था जिसे आप एक बार नहीं बल्कि बार-बार देखना चाहेंगे। उनके इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
बेथेल का ये कैच कीवी पारी के 21वें ओवर में देखने को मिला जब जोफ्रा आर्चर बॉलिंग कर रहे थे और सामने टॉम लाथम बल्लेबाजी कर रहे थे। इस ओवर की पांचवीं गेंद पर लाथम ने लेग साइड पर फ्लिक करने की कोशिश की मगर उनके बल्ले का लीडिंग एज लगा जो गली में खड़े जेकब बेथेल की तरफ जा रहा था। गेंद बेथेले से थोड़ी दूर थी लेकिन बेथेल ने हवा में उड़कर कैच पकड़ लिया। उनके इस कैच का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के अंत तक न्यूजीलैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 291 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर ग्लेन फिलिप्स 49 रन औऱ काइल जैमीसन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और 107 रन के कुल स्कोर तक डेवोन कॉनवे (9 रन), कप्तान टॉम लैथम (27 रन), हेनरी निकल्स (24 रन) औऱ रचिन रविंद्र (33 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद डेरिल मिचेल औऱ टॉम ब्लंडेल ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 105 गेंदों में 81 रनों की साझेदारी की। मेहमान टीम को पांचवां झटका मिचेल के रूप में लगा, जिन्होंने 74 गेंदों में 44 रन बनाए। पहले दिन टॉप स्कोरर रहे ब्लंडेल, जिन्होंने 84 गेंदों में 51 रन जोड़े। मिचेल के बाद उन्होंने फिलिप्स के साथ छठे विकेट के लिए 89 गेंदों में ताबड़तोड़ 75 रन जोड़े। इंग्लैंड के लिए डेब्यू मैच खेल रहे सोनी बेकर औऱ जैकब बेथेल ने 2-2 विकेट, जोश टंग, मैथ्यू फिशर और जोफ्रा आर्चर ने 1-1 विकेट हासिल किया।