इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बेन स्टोक्स एक बार फिर टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि स्टार तेज गेंदबाद जोफ्रा आर्चर इस टीम का हिस्सा नहीं है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार (13 मई) को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। दोनों टीमों के बीच यह पहला टेस्ट 4 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
इस टीम चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले हैं। इंग्लैंड के ओपनर जैक क्रॉली और पूर्व टेस्ट उपकप्तान ओली पोप को पहले टेस्ट के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। डरहम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज एमिलियो गे, हैम्पशर के तेज गेंदबाज सॉनी बेकर और समरसेट के विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स रियू शामिल हैं। इसके अलावा रेहान अहमद, मैथ्यू फिशर और ओली रॉबिन्सन की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
हालांकि सबसे बड़ा अपडेट जोफ्रा आर्चर को लेकर आया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए IPL 2026 में शानदार गेंदबाजी कर रहे आर्चर को पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट का मानना है कि लंबे समय बाद रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी करने वाले आर्चर को धीरे-धीरे तैयार किया जाएगा।
इंग्लैंड क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने साफ कहा कि आर्चर फिलहाल IPL में व्यस्त हैं और उनका वर्कलोड मैनेज करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से लगातार क्रिकेट खेलने के कारण टीम उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार करना चाहती है।
इंग्लैंड की टीम 24 मई से लफबरो में ट्रेनिंग कैंप शुरू करेगी। वहीं IPL 2026 में खेल रहे रेहान अहमद और जैकब बेथेल अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ टूर्नामेंट खत्म होने के बाद टीम से जुड़ेंगे। रेहान दिल्ली कैपिटल्स जबकि जैकब बेथेल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जो रूट, बेन डकेट, रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन और जोश टंग।