मैन ऑफ द मैच जोस बटलर की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने रविवार को द एजेस बाउल मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए किसी तरह 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 157 रनों का स्कोर खड़ा किया था। आखिरी ओवर में 18 रन जुटाने के बाद ऑस्ट्रेलिया किसी तरह इस सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची थी। मेजबान टीम ने 18.5 ओवरों में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर सीरीज अपने नाम की।

Advertisement

सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे बटलर ने शुरू से लेकर अंत तक एक छोर संभाले रखा और 54 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए। उनके साथी जॉनी बेयरस्टो हालांकि 19 के कुल स्कोर पर ही मिशेल स्टार्क की गेंद पर हिट विकेट हो गए थे। जॉनी ने सिर्फ नौ रन बनाए।

इसके बाद डेविड मलान और बटलर ने टीम के जीत के अभियान का मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़ इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों को और पुख्ता कर दिया।

इसी बीच 106 के कुल स्कोर पर एश्टन एगर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मलान, मार्कस स्टोइनिस के हाथों लपके गए। एश्टन ने ही टॉम बेंटन (2) को पवेलियन भेजा।

वहीं लेग स्पिनर एडम जाम्पा ने कप्तान इयोन मोर्गन (7) को आउट कर इंग्लैंड को परेशान करनी की कोशिश की लेकिन बटलर एक छोर पर खड़े हुए थे और उनका साथ देने आए मोइन अली ने 19वें ओवर में जाम्पा पर एक चौका और एक छक्का जड़ सारी परेशानी हटा दी।

Advertisement

फिर बटलर ने जाम्पा के इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का मार टीम को जीत दिलाई।

बटलर की नाबाद पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। मोइन ने छह गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से नाबाद 13 रन बनाए।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के विकेटों का पतन पहले ओवर से ही शुरू हो गया।

Advertisement

आर्चर ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर डेविड वार्नर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में एलेक्स कैरी (2) को मार्क वुड ने विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों कैच करा टीम को दूसरी सफलता दिलाई।

ऑस्ट्रेलिया को स्टीव स्मिथ से उम्मीदें थीं। उन्होंने एक चौका और एक छक्का भी लगाया लेकिन एक जोखिम भरा रन लेने के प्रयास में इयोन मोर्गन की बेहतरीन फिल्डिंग के कारण रन आउट हो गए।

इस बीच कप्तान एरॉन फिंच और मार्कस स्टोइनिस ने पारी को संभालने की कोशिश की। यह साझेदारी जब इंग्लैंड के लिए मुसीबत बनती दिख रही थी तभी क्रिस जोर्डन ने फिंच को बोल्ड कर दिया। कप्तान ने 33 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। उन्होंने स्टोइनिस के साथ 49 रनों की साझेदारी की।

Advertisement

स्टोइनिस भी 89 के कुल स्कोर पर आदिल राशिद की बेहतरीन लेग स्पिन में फंसकर स्लिप पर मलान के हाथों लपके गए। उन्होंने 26 गेंदों पर दो चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।

ग्लैन मैक्सवेल (26) और एश्टन एगर (23) ने किसी तरह टीम के स्कोरबोर्ड को चालू रखा लेकिन तेजी से रन नहीं ले पाए।

अखिरी ओवर में कमिंस ने एक चौके और एक छक्का लगा टीम को सम्मानजनक स्कोर दिया। कमिंस सात गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ मिशेल स्टार्क दो रन बनाकर नाबाद लौटे।

Advertisement

इंग्लैंड के लिए जोर्डन ने दो विकेट लिए। वुड, राशिद और आर्चर ने एक-एक सफलता हासिल की। 
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार