टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पांचवें मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया। सांसें रोक देने वाले इस मैच में नेपाल ने भी आखिर तक लड़ाई लड़ी लेकिन उनकी टीम जीत से 4 रन दूर रह गई। इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने पॉइंट्स टेबल में अपना खाता खोल लिया है जबकि नेपाल को अब अपने दूसरे मैच का इंतज़ार करना होगा।
इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए और नेपाल के सामने जीत के लिए 185 रनों का टारगेट रखा। इंग्लैंड के दोनों ओपनर्स फिल सॉल्ट और जोस बटलर जल्दी आउट हो गए। सॉल्ट ने आउट होने से पहले एक रन बनाया जबकि बटलर 26 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद जेकब बेथल और हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला और टीम को 180 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बेथल ने 35 गेंदों में 55 रन बनाए जबकि ब्रूक ने आउट होने से पहले 32 गेंदों में 53 रन बनाए। अंत में विल जैक्स ने ताबड़तोड़ 39 रन बनाकर अपनी टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए।
एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी खराब रही और ओपनर आसिफ शेख सिर्फ 7 रन बनाकर लियाम डॉसन की गेंद पर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे छोर से कुशाल भुर्तेल ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और आउट होने से पहले 4 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 14 गेंदों में 29 रन बना दिए। इसके बाद ऐसा लगा कि नेपाल की गाड़ी पटरी से उतर जाएगी लेकिन कप्तान रोहित पौडेल ने दीपेंद्र सिंह ऐरी के साथ मिलकर टीम को मैच में वापस ला खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
रोहित पौडेल ने 39 रन बनाए जबकि दीपेंद्र ने 44 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के आउट होने के बाद एक बार फिर ऐसा लगा कि नेपाल मैच हार जाएगा लेकिन फिर एंट्री हुई लोकेश बम की जिन्होंने 20 गेंदों में 39 रन बनाकर ना सिर्फ आखिरी ओवर तक इंग्लैंड की सांसें रोकने का काम किया बल्कि एक समय नेपाल को मैच जितवा ही दिया था लेकिन सैम करन के आखिरी ओवर में वो सिर्फ 5 ही रन बना पाए जिसके चलते उनकी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 180 रन ही बना पाई और 4 रन से मैच हार गई। हालांकि, इस हार के बावजूद नेपाल ने करोड़ों फैंस के दिल जीतने का काम किया। इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।