England Cricket Team WTC: इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में धीमी ओवर रेट के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगा है और 12 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स भी काटे गए हैं। बता दें कि इस मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड को 253 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा।
समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी इंग्लैंड टीम ज़रूरी ओवर-रेट से 12 ओवर पीछे पाई गई। यह सज़ा मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ़ के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत सुनाई। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलने की शर्तों के आर्टिकल 16.11.2 के अनुसार, टीमें जितने ओवर पीछे रहती हैं, हर ओवर के लिए उनका एक चैंपियनशिप पॉइंट कम हो जाता है।
इंग्लैंड के कार्यवाह कप्तान जो रूट ने गलती मानी है और सजा स्वीकार की है, जिसके बाद सुनवाई की आवश्यकता नहीं है।
इस सजा के बाद इंग्लैंड वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल 2025-27 में 38 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर पहुंच गई है और पॉइंट्स प्रतिशत 26.39 हो गया है। बता दें मौजूदा साइकल मे इंग्लैंड के 14 पॉंट्स कट चुके हैं, इससे पहले पिछले साल भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट में भी 2 पॉइंट्स कटे थे।
WTC में पॉइंट्स काटने का नियम लागू होने के बाद से इंग्लैंड को अक्सर ओवर-रेट पेनल्टी का सामना करना पड़ा है। 2023-25 साइकल के दौरान, घरेलू एशेज़ सीरीज़ में उनके 19 पॉइंट्स कटे और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ क्राइस्टचर्च टेस्ट के बाद तीन और पॉइंट्स का नुकसान हुआ।
इंग्लैंड को 2022 में ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के बाद दो और दिसंबर 2021 में ब्रिस्बेन टेस्ट के बाद आठ और पॉइंट्स का जुर्माना लगाया गया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का निर्णायक मुकाबला 25 जून से नॉटिंघम में खेला जाएगा।