Texas Super Kings vs Seattle Orcas: टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान औऱ स्टार बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस (Faf du Plessis) ने शुक्रवार (19 जून) को डलास के ग्रैंड पिएरे स्टेडियम में सिएटल ओर्कास के खिलाफ खेले गए मेजर लीग क्रिकेट 2026 के मुकाबले में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग्स के लिए डु प्लेसिस ने 52 गेंदों में नाबाद 113 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके औऱ 7 छक्के जड़े। इस दौरान उन्होंने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। डु प्लेसिस का इस लीग में यह चौथा शतक है।
41 साल के डु प्लेसिस मेजर लीग क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके अलावा फिन एलन और आंद्रे फ्लेचर ने इस लीग में 2-2 शतक, ग्लेन मैक्सवेल, निकोलस पूरन, रयान रिकल्टन और टिम सेफर्ट ने 1-1 शतक जड़ा है।
इसके अलावा उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके 26 पारियों मे 43.62 की औसत और 167.25 की स्ट्राईक रेट से 1047 रन हो गए हैं। 28 पारी में 928 रन के साथ निकोलस पूरन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में सुपर किंग्स ने ओर्कास को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद ओर्कास की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 220 रन का विशाल स्कोर बनाया। जिसमें टिम सेफर्ट ने 66 गेंदों में 104 रन औऱ शायन जहांगीर ने 47 गेंदों में 78 रन की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में सुपर किंग्स ने 18.3 ओवर में 4 विकेट गवाकर जीत हासिल कर ली। डु प्लेसिस के लावा राइली रूसो ने 49 रन और वियान मुल्डर ने नाबाद 31 रन बनाए।