Fakhar Zaman Record: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में फखर ज़मान ने बल्ले से तूफान मचाते हुए ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान साहिबजादा फरहान के साथ ऐतिहासिक साझेदारी करने के साथ ही फखर ने मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ते हुए पाकिस्तान के नए ‘सिक्सर किंग’ का ताज भी अपने नाम कर लिया।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के 10वें मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने हैं। कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया।
दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 95 गेंदों में 176 रन जोड़कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बना दिया। इस ऐतिहासिक साझेदारी में फखर ज़मान की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने 42 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
इन्हीं चार छक्कों के साथ फखर ज़मान ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम था, जिन्होंने 93 पारियों में 95 छक्के लगाए थे। लेकिन अब फखर 99* छक्कों के साथ उनसे आगे निकल चुके हैं और टीम के नए ‘सिक्सर किंग’ बन गए हैं।
इतना ही नहीं, फखर ने इस मैच के दौरान टी20 इंटरनेशनल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए और यह आंकड़ा छूने वाले पाकिस्तान के पांचवे बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के:
- फखर ज़मान — मैच: 120 | छक्के: 99
- मोहम्मद रिजवान — मैच: 106 | छक्के: 95
- बाबर आज़म — मैच: 145 | छक्के: 80
- मोहम्मद हफीज़ — मैच: 119 | छक्के: 76
- शाहिद अफरीदी — मैच: 98 | छक्के: 73
मैच की बात करें तो साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इस दमदार ओपनिंग साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान ने 20 ओवर में 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि श्रीलंका पहले ही सुपर-8 के अपने शुरुआती दो मुकाबले हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है। वहीं पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। अगर उन्हें सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो न सिर्फ यह मैच जीतना होगा, बल्कि न्यूज़ीलैंड से बेहतर नेट रनरेट भी हासिल करनी होगी। इसके लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को 147 रन से कम पर रोकना बेहद जरूरी है।