Finn Allen Record: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट (MLC 2026) का 23वां मुकाबला गुरुवार, 09 जुलाई को एमआई न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स (MINY vs SFU) के बीच डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में SFU के सलामी बल्लेबाज़ फिन एलन (Finn Allen) अपने बैट से धमाल मचाकर MLC टूर्नामेंट के सिक्सर किंग बन सकते हैं। उनके पास निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है।
टूटेगा निकोलस पूरन का महारिकॉर्ड: 27 साल के फिन एलन MLC टूर्नामेंट में अब तक 30 मुकाबले खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 65 छक्के लगाए। यहां से अब वो डलास के मैदान पर एमआई न्यूयॉर्क के सामने SFU के आगामी मुकाबले में अपनी बैटिंग के दौरान तीन छक्के जड़ने का कारनामा करते हैं, तो वो MLC टूर्नामेंट में अपने 68 छक्के पूरे कर लेंगे और इसी के साथ निकोलस पूरन को पछाड़कर इस टूर्नामेंट के सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
गौर करें कि फिलहाल MLC के सिक्सर किंग निकोलस पूरन ही हैं, जिन्होंने 35 मुकाबलों में 67 छक्के लगाए हैं। वो टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं। उनके नाम 35 मैचों में 42.03 की औसत और 138.07 की स्ट्राइक रेट से 1135 रन दर्ज हैं।
MLC में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज़
- निकोलस पूरन (एमआई न्यूययॉर्क) - 35 मैचों में 67 छक्के
- फिन एलन (सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स) - 30 मैचों में 65 छक्के
- फाफ डु प्लेसिस (टेक्सास सुपर किंग्स) - 33 मैचों में 63 छक्के
- मैथ्यू शॉर्ट (सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स/वाशिंगटन फ्रीडम) - 26 मैचों में 50 छक्के
- क्विंटन डी कॉक (एमआई न्यूयॉर्क/वाशिंगटन फ्रीडम) - 33 मैचों में 47 छक्के
बात करें MLC में फिन एलन के रिकॉर्ड की तो उन्होंने 30 मैचों में लगभग 27 की औसत और 194 की स्ट्राइक रेट से 804 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो सेंचुरी और चार हाफ सेंचुरी लगाई। इसके अलावा फिन एलन के नाम कुल 200 टी20 मैचों में 5698 रन दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स स्क्वाड: लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (विकेटकीपर), फिन एलन, मैथ्यू शॉर्ट (कप्तान), एरॉन हार्डी, संजय कृष्णमूर्ति, हम्माद आज़म, हसन खान, ज़ेवियर बार्टलेट, ब्रॉडी काउच, हारिस रऊफ़, अनिरुद्ध इमैनुएल, पीटर सिडल, रविचंद्रन अश्विन, ज़िया-उल-हक, गुलाम मुदस्सर, मोहम्मद इलियास, कॉनर एस्टरहुइज़ेन, साईदीप गणेश, ओलिवर पीक, जुआनॉय ड्रायस्डेल।