पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म के लिए बीते कुछ महीने किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे हैं। मैदान पर उनका बल्ला नहीं चल रहा है और मैदान के बाहर विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं लेकिन इसी बीच ईद-उल-फितर के मौके पर वो एक अलग वजह के चलते सुर्खियों में आ गए हैं। इस समय सोशल मीडिया पर बाबर का ये नया वीडियो काफी धूम मचा रहा है।
दरअसल, बाबर ने बल्ला छोड़कर खाना बनाने वाला चम्मच थामकर फैंस को हैरान कर दिया है। उन्होंने घर पर पारंपरिक त्योहार के पकवान बनाते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया। इस क्लिप में, 31 साल के बाबर को बड़े ध्यान से सेवइयां और शीर खुरमा बनाते हुए देखा गया। उन्होंने इसे अपनी "ईद की खास मिठाई" बताया और फैंस को मैदान के बाहर अपनी ज़िंदगी की एक झलक दिखाई।
इस वीडियो से इतर, बाबर एक दूसरी वजह के चलते लाइमलाइट में रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाबर और ओपनर फखर ज़मान ने टूर्नामेंट के दौरान चोट के बावजूद खेला, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चयन और फिटनेस प्रोटोकॉल पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले पर सबसे पहले सीनियर सेलेक्टर आकिब जावेद ने पिछले हफ़्ते एक मीडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान चिंता जताई थी, जब उन्होंने PCB से इस मामले की जांच करने का अनुरोध किया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
चयन समिति के सदस्य मिस्बाह-उल-हक, सरफराज अहमद और असद शफीक के साथ बात करते हुए, जावेद ने खुलासा किया कि बाबर और फखर दोनों ही चोट से जूझ रहे थे, जिसके बारे में चयनकर्ताओं को टूर्नामेंट खत्म होने के बाद ही पता चला। इस मुद्दे को यूके में रहने वाले स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी और मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. जावेद मुगल ने और भी ज़्यादा उजागर किया। डॉ. मुगल जनवरी में PCB के मेडिकल पैनल में स्पोर्ट्स एक्सरसाइज और मेडिसिन के डायरेक्टर के तौर पर शामिल हुए थे। वर्ल्ड कप के बाद डॉ. मुगल ने दोनों खिलाड़ियों की जांच की और उनकी फिटनेस को लेकर चिंता जताई।