IPL 2026, Gujarat Titans vs Royal Challengers Bengaluru: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (30 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB सिर्फ 155 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में गुजरात ने 15.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। शुभमन गिल और जोस बटलर की तेज पारियों ने जीत की नींव रखी, जबकि राहुल तेवतिया ने फिनिशिंग टच दिया।
आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए।
जैकब बेथेल 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि विराट कोहली ने 13 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन वह भी पावरप्ले के अंदर पवेलियन लौट गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की।
पडिक्कल ने 24 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि पाटीदार 19 रन ही जोड़ सके। मध्य और आखिरी ओवरों में भी RCB के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। रोमारियो शेफर्ड (17), वेंकटेश अय्यर (12) और भुवनेश्वर कुमार (15) ने कुछ रन जरूर जोड़े, लेकिन पूरी टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई।
गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में अरशद खान ने 3 विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट झटके। कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज को 1-1 सफलता मिली।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत तेज रही। साईं सुदर्शन जल्दी (6) आउट हो गए, लेकिन शुभमन गिल ने दूसरे छोर से आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। इसके बाद जोस बटलर ने भी 19 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि मध्य ओवरों में टीम ने वाशिंगटन सुंदर (12), शाहरुख खान (8) और जेसन होल्डर (12) के रुप में कुछ विकेट जरूर सस्ते में गंवाए, लेकिन शुरुआती बढ़त का फायदा मिला।
आखिरी में राहुल तेवतिया ने 17 गेंदों में नाबाद 27 रन की पारी खेलते हुए टीम को 15.5 ओवर में ही जीत दिला दी। RCB के लिए गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 2 विकेट झटके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह गुजरात टाइटंस ने 25 गेंद शेष रहते 4 विकेट से ये मुकाबला अपने नाम किया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा।