Glenn Maxwell Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) की कैप्टेंसी वाली ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम (Australia Cricket Team) अपना पहला मुकाबला बुधवार, 11 फरवरी को आयरलैंड (AUS vs IRE) के साथ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकते हैं।
150 टी20 इंटरनेशनल छक्के: 37 साल के ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक 126 टी20 मैचों में 148 छक्के ठोक चुके हैं। वो आयरलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में अगर 2 छक्के जड़ने में कामयाब हो जाते हैं, तो T20I में अपने 150 छक्के पूरे कर लेंगे और इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए ये कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
बताते चलें कि इसके अलावा वो टी20 इंटरनेशनल में 150 छक्के मारने वाले सिर्फ छठे खिलाड़ी भी बनेंगे। अब तक सिर्फ भारत के रोहित शर्मा (205 छक्के), यूएई के मुहम्मद वसीम (190 छक्के), भारत के सूर्यकुमार यादव (173 छक्के), न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल (173 छक्के), और इंग्लैंड के जोस बटलर (173 छक्के) ने ही ये कारनामा किया है।
टी20I में 50 विकेट: ग्लेन मैक्सवेल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अपने विकेटों के अर्धशतक के भी बेहद करीब हैं। वो आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ एक विकेट लेकर अपने 50 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे कर सकते हैं। जान लें कि उनके नाम फिलहाल 126 मैचों की 83 पारियों में 49 विकेट दर्ज हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ पांच ही खिलाड़ी 50 या उससे ज्यादा T20 विकेट ले पाए हैं।
वॉर्नर और एबी को रिकॉर्ड तोड़ने का मौका: इस मुकाबले में ग्लेन मैक्सवेल अपनी फील्डिंग से भी एक खास रिकॉर्ड बना सकते हैं। वो ऑस्ट्रेलिया के लिए फील्डिंग करके आयरलैंड के 3 कैच पकड़ते हैं तो वो डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़कर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
फिलहाल उनके नाम 31 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 23 कैच दर्ज हैं। वहीं इस लिस्ट मे उनसे ऊपर सिर्फ डेविड वॉर्नर (41 मैचों में 25 कैच) और एबी डी विलियर्स (30 मैचों में 23 कैच) ही मौजूद हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया का पूरा स्क्वाड: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, एडम जाम्पा, बेन ड्वारशुइस, मैथ्यू कुह्नमैन, मैट रेन्शॉ, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), जेवियर बार्टलेट, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, नाथन एलिस, कूपर कोनोली।