SA vs BAN 2nd Test: साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पारी और 219 रन से जीत दर्ज कर दो मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए मुकाबले के तीसरे दिन, बुधवार (25 नवंबर) को बांग्लादेश की दूसरी पारी 184 रन पर सिमट गई। वियान मुल्डर (Wiaan Mulder) ने इस मुकाबले में गेद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया।
मैच में बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम अपनी पहली पारी में महज 91 रन पर ऑलआउट हो गई और कोई भी बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। सलामी बल्लेबाज महफिजुल इस्लाम 23 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 494 रन बनाए और 403 रन की बड़ी बढ़त हासिल की। टीम के सलामी बल्लेबाज मार्केस एकरमैन ने 138 गेंदों में 150 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे वियान मुल्डर ने भी शतक लगाया और 178 गेंदों में 100 रन बनाए। इनके अलावा टोनी डी जोर्जी ने 66 और मार्को यानसेन ने नाबाद 67 रन जोड़े।
दूसरी पारी में बांग्लादेश से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन टीम एक बार फिर फ्लॉप रही। बांग्लादेश की पूरी टीम 184 रन पर सिमट गई और कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। पांचवे नंबर के बल्लेबाज तौहीद हृदय ने 41 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए।
साउथ अफ्रीका की जीत के हीरो वियान मुल्डर रहे। उन्होंने पहली पारी में एक विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में सात विकेट झटके। इस तरह उन्होंने मैच में कुल आठ विकेट अपने नाम किए। मार्को यानसेन ने भी गेंद से अहम योगदान दिया और पहली पारी में तीन, जबकि दूसरी पारी में दो विकेट हासिल किए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को दोनों पारियों में बड़ा स्कोर बनाने से रोककर यह मुकाबला पारी और 219 रन से अपने नाम किया और सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।